Wednesday, February 4, 2026

Banned Cough Syrup: चूने की बोरियों में छिपाया गया था “मौत का सिरप”, गाजियाबाद में बैन कफ सिरप की 2 लाख शीशियां बरामद!

Banned Cough Syrup: सोनभद्र पुलिस की सूचना पर गाजियाबाद क्राइम ब्रांच ने मेरठ रोड स्थित चूना भट्टी मोड़ के पास से चार ट्रकों में भरा बैन कफ सिरप (Banned Cough Syrup) बरामद किया है। बताया जा रहा है कि यह खेप बांग्लादेश से तस्करी कर लाई गई थी और NCR में खपाने की तैयारी चल रही थी। बरामद सिरप की कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। चारों ट्रकों में चूने के बोरे लदे थे, जिनके बीच प्रतिबंधित कफ सिरप की भारी मात्रा छिपाई गई थी। पुलिस ने मौके से 7 तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 20 लाख रुपये नगद, एक क्रेटा कार, मोबाइल फोन, फर्जी दस्तावेज और अन्य सामान भी बरामद किया गया है।

क्रेटा कार से होती थी पुलिस मूवमेंट पर नजर

एडीसीपी क्राइम पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि यह खेप बांग्लादेश से झारखंड के रास्ते गाजियाबाद लाई जा रही थी। ट्रकों के आगे एक क्रेटा कार चल रही थी, जिसमें बैठे तस्कर रास्ते में पुलिस या चेकिंग की निगरानी करते थे। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने कार सवार तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि सिरप के ऊपर चूने के बोरे डाल दिए जाते थे, ताकि किसी को शक न हो।

Banned Cough Syrup की 2 लाख शीशियां जब्त

आबकारी विभाग और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने जप्त माल की गिनती की। चारों ट्रकों में 100 एमएल वाली करीब 2 लाख शीशियां मिली हैं। तस्करों ने कबूल किया कि सीमा पार करने से पहले खेप की पैकिंग और लेबल बदल दिए जाते थे, ताकि पहचान से बचा जा सके। दो दिन पहले सोनभद्र पुलिस ने 134 पेटी प्रतिबंधित सिरप बरामद किया था। गिरफ्तार तस्करों ने खुलासा किया कि चार ट्रक गाजियाबाद के रास्ते दिल्ली जा रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर गाजियाबाद क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

कई राज्यों तक फैला है गिरोह का नेटवर्क

एडीसीपी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस ने भरोसा जताया है कि जल्द ही इस अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का पूरा भंडाफोड़ किया जाएगा।

चचा! इसे भी पढ़ लो...

इन वाली खबरों ने रुक्का तार रखा...

Verified by MonsterInsights