Muzaffarnagar News: भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय सचिव चौधरी युद्धवीर सिंह को दिल्ली हवाई अड्डे पर उनके प्रतिनिधि मंडल सहित रोक कर हिरासत में लिया गया। इसके विरोध में मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर व सहारनपुर समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में टोल फ्री करारकर धरना प्रदर्शन किया।

Muzaffarnagar News: छपार टोल प्लाजा पर भाकियू कार्यकर्ताओं का धरना
आपको बता दें, मुजफ्फरनगर के रोहाना व छपार टोल प्लाजा पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरना देकर टोल फ्री करा दिया। धरना दो घंटे चला। छपार में ब्लॉक अध्यक्ष मोनू प्रधान, मंडल अध्यक्ष चौधरी नवीन राठी, धीर सिंह गुर्जर, मोहम्मद फरमान, शशि गुर्जर, मास्टर ओमपाल, कयूम अंसारी, दीपक गुर्जर ,नीटू प्रधान समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने छपार टोल प्लाजा पर पहुंच कर धरना दिया।

कार्यकर्ताओं के मान सम्मान से खिलवाड़ सहन नहीं करेंगे
इस दौरान सभी ने संगठन नेता को छोडने की मांग की। पहले तो भाकियू कार्यकर्ता टोल प्लाजा की दोनों तरफ की लाइनों पर धरना देकर बैठ गए लेकिन अधिकारियों के समझाने पर बाद में एक तरफ धरना दिया और टोल को फ्री करा दिया। इसी तरह रोहाना टोल प्लाजा पर भी भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। दोनों स्थानों पर दो घंटे धरना दिया गया। बाद में दिल्ली में भाकियू नेता को छोडने पर धरना समाप्त किया गया। पुरकाजी ब्लॉक अध्यक्ष मोनू प्रधान ने कहा कि संगठन कार्यकर्ताओं के मान सम्मान से खिलवाड़ सहन नहीं करेंगे। सरकार किसानों की आवाज को दबा नही सकती।