मुजफ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र के ग्राम जडवड़ में सोमवार तड़के वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपी और उसकी पुत्री ने हमला कर दिया। हाथापाई के दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी फट गई और मौके पर हंगामा मच गया।
मुजफ्फरनगर में पुलिस टीम के साथ मारपीट
जानकारी के अनुसार, ककरौली पुलिस सुबह करीब पांच बजे वारंटी ओमप्रकाश को गिरफ्तार करने के लिए उसके घर पहुंची थी। पुलिस ने जैसे ही उसे हिरासत में लेने का प्रयास किया, आरोपी और उसकी पुत्रियों ने विरोध करते हुए टीम के साथ अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी।
घटना की पुष्टि करते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) भोपा देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश और उसकी पुत्री को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया है। पुलिस टीम के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।





