Friday, March 20, 2026

बागपत में बॉलीवुड अभिनेता श्रेयस तलपड़े और आलोक नाथ समेत 22 के खिलाफ FIR दर्ज, वजह कर देगी हैरान

बागपत: बॉलीवुड अभिनेता श्रेयस तलपड़े, दिवंगत आलोक नाथ सहित 22 लोगों के खिलाफ बागपत पुलिस ने निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि ‘द लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड’ (The Loni Urban Multi State Credit & Thrift Cooperative Society Limited) नाम की कंपनी ने 500 से अधिक निवेशकों से लगभग 5 करोड़ रुपये की रकम जुटाई। कंपनी के पदाधिकारियों ने निवेशकों को पांच साल में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर पैसे जमा करवाए, लेकिन बाद में न तो ब्याज दिया गया और न ही मूल धन वापस किया गया।

पुलिस के अनुसार, एक निजी कंपनी ने बागपत, शामली, मेरठ और हरियाणा के ग्रामीण इलाकों में एजेंट नियुक्त कर लोगों से निवेश के नाम पर करोड़ों रुपए वसूले। पिछले एक वर्ष से निवेशकों को कोई भुगतान नहीं किया गया है और कंपनी का स्टाफ अब किसी की कॉल तक रिसीव नहीं कर रहा है।

मितली गांव निवासी बबली ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सोसाइटी का एक युवक उनके गांव में आता-जाता था और कंपनी को भारत सरकार के कृषि एवं सहकारी मंत्रालय में पंजीकृत बताकर भरोसा दिलाया। उसके झांसे में आकर उन्होंने हरियाणा स्थित शाखा में 1.90 लाख रुपए की एफडी कराई। इसके बाद गांव के कई अन्य लोगों ने भी निवेश किया।

निवेशकों के मुताबिक, 27 नवंबर 2024 को कंपनी ने अचानक अपना सॉफ्टवेयर और सभी वित्तीय लेन-देन बंद कर दिए। एजेंटों के माध्यम से जिलेभर में 500 से अधिक लोगों से निवेश लिया गया। निवेशकों ने डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में ठगी में शामिल 22 लोगों के नाम, पते और मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए हैं। पीड़िता का कहना है कि कंपनी ने FD, RD, सुकन्या योजना, आयुष्मान योजना, सेविंग अकाउंट और एटीएम पॉलिसी जैसे विभिन्न योजनाओं में निवेश का झांसा देकर जनता से भारी रकम हड़प ली।

बागपत कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि ठगी की शिकायत मिलने पर 22 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कंपनी के डिजिटल ट्रांजैक्शन, बैंक खातों और मोबाइल ऐप की जांच की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की मदद भी ली जाएगी।

चचा! इसे भी पढ़ लो...

इन वाली खबरों ने रुक्का तार रखा...

Verified by MonsterInsights