Sunday, March 22, 2026

इमरान मसूद के बयान से मचा हंगामा: भगत सिंह की तुलना हमास से करने पर संजीव बालियान और नंद किशोर ने जताया रोष

मुजफ्फरनगर/गाज़ियाबाद: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद अपने विवादित बयान को लेकर राजनीतिक विवादों के केंद्र में आ गए हैं। हाल ही में दिए गए एक बयान में मसूद ने महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद सरदार भगत सिंह की तुलना आतंकी संगठन हमास से कर दी। इस बयान के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने इसे देश का अपमान करार देते हुए तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

डॉ. संजीव बालियान ने बताया ‘दोगली मानसिकता’

मुजफ्फरनगर में आयोजित सैनिक सम्मेलन के दौरान पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और पूर्व भाजपा सांसद डॉ. संजीव बालियान ने इमरान मसूद के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि “सरदार भगत सिंह देश के करोड़ों युवाओं के आदर्श और प्रेरणा स्रोत हैं। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी की तुलना किसी आतंकी संगठन से करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण बल्कि घोर निंदनीय है।”

डॉ. बालियान ने आगे कहा कि भगत सिंह देशभक्ति, साहस और बलिदान के प्रतीक हैं, और जो व्यक्ति उनकी तुलना आतंकवादियों से करता है, वह न तो देश के इतिहास को समझता है और न ही राष्ट्र की भावना का सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि यह बयान दोगली मानसिकता और विचारधारा की दिवालियापन को दर्शाता है। अंत में उन्होंने सरकार से ऐसे बयान देने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

विधायक नंद किशोर गुर्जर ने मांगा ‘रासुका’

लोनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने सांसद इमरान मसूद के विवादित बयान पर कड़ा रुख अपनाया है। विधायक गुर्जर ने केंद्र और राज्य सरकार से इमरान मसूद के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि “जो व्यक्ति भारत माता के वीर सपूत शहीद भगत सिंह की तुलना किसी आतंकी संगठन से करता है, वह देशद्रोही मानसिकता का परिचायक है। ऐसे लोगों पर कठोरतम कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति देश के शहीदों का अपमान करने का दुस्साहस न कर सके।” उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बयान न केवल राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए खतरा हैं, बल्कि समाज में वैमनस्य फैलाने वाले भी हैं।

इमरान मसूद की सफाई

विवाद और बढ़ती आलोचनाओं के बीच, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अपने बयान को लेकर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है और उनका उद्देश्य किसी भी महापुरुष का अपमान करना नहीं था। बावजूद इसके उनकी सफाई को राजनीतिक गलियारों में संतोषजनक नहीं माना जा रहा है। भाजपा नेताओं ने इसे गंभीर मामला बताते हुए इमरान मसूद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई है।


चचा! इसे भी पढ़ लो...

इन वाली खबरों ने रुक्का तार रखा...

Verified by MonsterInsights