Garh Mela 2025: गढ़ गंगा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेले की सभी तैयारियों का जायजा लिया है। उन्होंने अधिकारियों को एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की तैनाती, CCTV निगरानी और रेस्क्यू बोट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गढ़मुक्तेश्वर मेले की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि गढ़मुक्तेश्वर मेला श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक है, इस बार गढ़ मेले को मिनी कुम्भ के रूप में आयोजित किया जाएगा। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। जानकारी के मुताबिक गढ़मुक्तेश्वर मेले में इस बार 40 से 45 लाख श्रद्धालु शामिल होने का अनुमान है।
Garh Mela 2025: घाटों की सफाई और पर्यावरण का ख्याल रखें
मुख्यमंत्री योगी ने मेले में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध रखने के निर्देश दिए। गंगा तटों पर समय समय पर सफाई होगी और कचरा संग्रह की उचित व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि रासलीला/कृष्णलीला और लोकगायन से गढ़मुक्तेश्वर इस बार गूंज उठेगा।
धार्मिक आस्था और संस्कृति का स्थल
गौरतलब है कि गढ़मुक्तेश्वर में लगने वाला कार्तिक पूर्णिमा मेला हिंदुओं के लिए धार्मिक आस्था का केंद्र है। गंगा किनारे लगने वाला यह उत्तर भारत का सबसे बड़ा सांस्कृतिक मेला है। साथ ही इस दौरान सांस्कृतिक परंपरा और लोकजीवन की छटा भी देखने को मिलती है। Garh Mela 2025 में मेले कि भव्यता बढ़ेगी, लाखों की संख्या में दीप गंगा मैया के तट पर जगमग रोशनी बिखेरेंगे। रासलीला, कृष्णलीला और लोकगायन की मनोहारी छटा भी देखने को मिलेगी।





