Garh Mela News: गढ़ गंगा मेले में ड्यूटी पर आया PAC का जवान स्नान करने के दौरान गंगा में डूब गया। 47 बटालियन पीएसी गाजियाबाद में तैनात जवान पुष्पेंद्र कुमार गंगा की दलदल में फंस गए। निकलने की काफी मशक्कत करने के बाद गंभीर रूप से घायल पुष्पेंद्र को सीएचसी गढ़ से मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है लेकिन हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
कानपुर देहात क्षेत्र के मूल निवासी पुष्पेंद्र कुमार 47 बटालियन PAC गाजियाबाद में कार्यरत हैं। पुष्पेंद्र अपनी बटालियन के साथ गढ़ गंगा मेले में ड्यूटी पर आए थे। वह मंगलवार को कैंप के पास ही गंगा में स्नान करने चले गए। स्नान के दौरान वे अचानक गंगा किनारे दलदल में फंस गए और डूबने लगे।
पुष्पेंद्र को डूबते हुए देख, उनके साथियों ने तेजी से शोर मचाया तो आसपास मौजूद अन्य जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें दलदल और पानी से बाहर निकाला। जिसके बाद उन्हें तुरंत ही एंबुलेंस द्वारा गढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद, डॉक्टरों की टीम ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ के लिए रेफर कर दिया।





