Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य ₹30 प्रति क्विंटल बढ़ाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस निर्णय को मंजूरी दी गई। सरकार के इस कदम से प्रदेश के लाखों गन्ना किसानों में खुशी और उम्मीद दोनों देखने को मिल रही है।
राज्य सरकार का फैसला स्वागत योग्य: भाकियू (Muzaffarnagar News)
भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने राज्य सरकार के फैसले का स्वागत किया है। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने कहा, “गन्ने के मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की वृद्धि से किसानों को लगभग ₹3,000 करोड़ का अतिरिक्त लाभ होगा। यह फैसला न सिर्फ गन्ना उद्योग को मजबूती देगा बल्कि मक्का और अन्य फसलों से मिल रही प्रतिस्पर्धा से किसानों को राहत भी प्रदान करेगा।” उन्होंने साथ ही सरकार के अन्य किसान हितैषी कदमों — जैसे मुफ्त बिजली, रबी बीजों पर 50% अनुदान और सस्ती यूरिया — के लिए भी आभार व्यक्त किया।Muzaffarnagar News
विपक्ष ने बढ़ोतरी को बताया अपर्याप्त
हालांकि विपक्ष ने इस बढ़ोतरी को अपर्याप्त बताया है। समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने कहा, “₹30 की वृद्धि किसानों की लागत और मेहनत के मुकाबले बेहद कम है। हरियाणा में कम रिकवरी दर के बावजूद अधिक मूल्य दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार को कम से कम ₹450 प्रति क्विंटल का मूल्य तय करना चाहिए ताकि किसान अपने परिवार और खेती दोनों को संभाल सकें।” Muzaffarnagar News
चरथावल विधायक पंकज मलिक ने भी इसी तरह की प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “यह बढ़ोतरी किसानों के साथ मज़ाक जैसी है। खाद, डीज़ल और मजदूरी की बढ़ती लागत ने पहले ही किसानों की कमर तोड़ दी है। सरकार को वास्तविक लागत और महंगाई के अनुरूप गन्ने का मूल्य निर्धारित करना चाहिए।” Muzaffarnagar News
प्रदेश में करीब 35 लाख गन्ना किसान
प्रदेश में फिलहाल करीब 35 लाख गन्ना किसान और 122 शुगर मिलें हैं। सरकार का यह फैसला किसानों को कुछ राहत जरूर देगा, लेकिन विपक्ष और किसान संगठनों का कहना है कि असली समाधान तभी मिलेगा जब गन्ने का मूल्य निर्धारण किसानों की वास्तविक लागत पर आधारित होगा। Muzaffarnagar News





