मुज़फ्फरनगर। पौराणिक तीर्थ शुकतीर्थ नगरी (Shukratal) में इस बार पहली बार भागवत महोत्सव (Bhagwat Mahotsav), मोक्ष कुंभ (Moksha Kumbh) और प्रसिद्ध कार्तिक गंगा स्नान मेला (Ganga Mela) का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 1 से 6 नवंबर तक चलेगा, जिसमें देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
मुख्य कार्यक्रम 2 नवंबर को आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मशहूर भजन गायक कैलाश खेर के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) ने डीआईजी, डीएम और एसएसपी सहित कई अधिकारियों के साथ गंगा घाट पर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक सिस्टम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा और आपातकालीन सेवाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

शुकतीर्थ प्रशासन ने बताया कि इस आयोजन में भागवत कथा, गंगा आरती, भजन संध्या, संत सम्मेलन और मोक्ष कुंभ स्नान जैसे कई धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। स्थानीय लोग इस आयोजन को लेकर बेहद उत्साहित हैं, क्योंकि पहली बार शुकतीर्थ इतनी बड़ी धार्मिक भव्यता का साक्षी बनने जा रहा है।






