Hapur: हापुड़ के गोयना गांव में शुक्रवार रात को एक प्राचीन मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति खंडित कर जंगल में फेंक दी गई। शनिवार की सुबह श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने पर घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद गांव में तनाव फैल गया और सैकड़ों गांव वाले मन्दिर परिसर में जमा हो गए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार की सुबह जब श्रद्धालु पूजा पाठ करने के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्हें मन्दिर में स्थापित हनुमान जी की मूर्ति गायब मिली। मंदिर का दरवाजा खुला हुआ था। ग्रामीणों द्वारा तलाश करने पर मंदिर से लगभग 100 मीटर दूर जंगल में खंडित मूर्ति मिली, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ गया। इसके बाद आसपास के ग्रामीण और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंच गए । उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द मूर्ति खंडित करने वालों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
इस घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कोतवाल ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। खंडित मूर्ति को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है साथ ही घटना का खुलासा करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।





