मुजफ्फरनगर: वालीबाल खेलने के दौरान हुए मामूली विवाद ने गुरुवार शाम एक बड़ा रूप ले लिया। गांव मेघाखेड़ी में कुछ युवकों ने भाजपा नेता के पुत्र पारस की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

मेघाखेड़ी निवासी हैं भाजपा नेता मनोज चौधरी
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव मेघाखेड़ी निवासी मनोज चौधरी भाजपा के सरवट मंडल के पूर्व मंत्री हैं और वर्तमान में भी पार्टी में सक्रिय हैं। उनका 20 वर्षीय पुत्र पारस गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे गांव के ही हर्षित सहित तीन युवकों के साथ वालीबाल खेलने गया था। खेल के दौरान किसी बात को लेकर युवकों में कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। इसके बाद पारस घर लौट आया। आरोप है कि शाम करीब सात बजे हर्षित अपने साथियों के साथ पारस के घर पहुंचा और उसे बाहर बुलाकर चाकू से उसके पेट में वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल पारस मौके पर ही गिर पड़ा। परिजन उसे ईवान हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ राजू कुमार साव और नई मंडी कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया है। सीओ ने बताया कि गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मनोज चौधरी पार्टी के सरवट मंडल के पूर्व मंत्री और सक्रिय कार्यकर्ता हैं।
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था पारस
ग्रामीणों के अनुसार पारस ने पचेंडा स्थित जनता इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई की थी और वर्तमान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह पिता के साथ कृषि कार्य में भी सहयोग करता था। परिवार में उसके माता-पिता और एक छोटा भाई है।





