मुजफ्फरनगर: थाना ककरौली क्षेत्र के जड़वड़ मार्ग पर उस समय हड़कंप मच गया जब कुछ युवकों ने भैंसों को शराब पिलाकर सड़क पर बुग्गी दौड़ाना शुरू कर दिया। यह दृश्य किसी मेले या उत्सव का नहीं, बल्कि जुए और दिखावे की होड़ में पागलपन की हद तक पहुंचे युवाओं की खतरनाक करतूत का था। घटना में राहगीरों की जान खतरे में पड़ गई। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि 24 अन्य आरोपी फरार हो गए।
मुजफ्फरनगर में भैसा-बुग्गी दौड़ का आयोजन
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह शुकतीर्थ में आयोजित कार्तिक गंगा स्नान मेले के लिए जा रहे युवकों के एक समूह ने हार-जीत की शर्त लगाकर भैंसा-बुग्गी दौड़ का आयोजन किया। आरोप है कि युवकों ने भैंसों को शराब पिलाई और उन्हें तेज दौड़ाने के लिए लगातार आर (लोहे की कील वाला औजार) से मारा। नशे में बेकाबू हुए भैंसें सड़क पर अंधाधुंध दौड़ने लगीं, जिससे अफरातफरी मच गई। किसी तरह राहगीरों ने अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चेकिंग अभियान चलाया। मौके से मनीष जड़वड़, नीरज मोरना और राजा निवासी नेहड़ी को गिरफ्तार कर लिया गया। दो बुग्गियां और एक आर लगी हुई पेहनी बरामद की गई है। वहीं, बाकी 24 युवक बाइक और पैदल भाग निकले। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने न केवल पशुओं पर क्रूरता की, बल्कि सड़क पर आम नागरिकों की जान को भी खतरे में डाला। ऐसे आयोजनों के कारण पहले भी गंभीर हादसे हो चुके हैं। इसी कारण इस बार कठोर कार्रवाई की गई है। कुल 27 युवकों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम, जुआ अधिनियम और शांति भंग की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।





