UP News: मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र में एक युवक की आत्महत्या से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि 30 वर्षीय आरिफ का निकाह करीब ढाई महीने पहले ही पूर्व सरवट गांव की फरीन से हुआ था। नई जिंदगी की शुरुआत करने वाले आरिफ ने शादी के बाद जो कुछ झेला, उसने सभी को हैरान कर दिया। आत्महत्या से पहले आरिफ ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
वीडियो में पत्नी और ससुराल को ठहराया मौत का जिम्मेदार
आरिफ ने वीडियो में कहा कि निकाह के बाद से ही उसकी पत्नी फरीन और ससुराल पक्ष उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने उस पर ससुराल में रहकर जीवन बिताने का दबाव बनाया और मानसिक रूप से परेशान किया। इस प्रताड़ना से तंग आकर आरिफ ने मंगलवार को जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
परिजनों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
मृतक के परिजनों का कहना है कि निकाह के बाद से ही आरिफ तनाव में रहने लगा था। उसकी पत्नी और ससुराल वाले उस पर पैसे देने और उनके साथ रहने का दबाव डालते थे। आरिफ ने यह बात अपने परिवार को भी बताई थी कि उसकी पत्नी अक्सर उससे पैसों की मांग करती और कहती थी कि वह उसे अपने साथ ससुराल लेकर जाएगी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों की लगातार प्रताड़ना के कारण ही आरिफ ने यह कदम उठाया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
इस मामले पर सीओ सदर रविशंकर मिश्रा ने बताया कि युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





