Shamli News: झिंझाना क्षेत्र के गांव खेड़ाभाऊ में बृहस्पतिवार को कीटनाशक विक्रेता मनीष की हत्या उसके दोस्त द्वारा समलैंगिक संबंधों का खुलासा करने की धमकी देने पर कर दी गई। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी राजवीर और उसके साथी साहिल को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, मोबाइल फोन, बैग, रजिस्टर और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।
एसपी एन.पी. सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि 28 वर्षीय मनीष की हत्या की रिपोर्ट उसके चाचा रूप सिंह ने झिंझाना थाने में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने राजवीर निवासी मोहल्ला अंसारियान पट्टी जयसिंह ऊन और उसके साथी साहिल निवासी गांव पीपलहेड़ा, थाना तितावी (जनपद मुजफ्फरनगर) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी राजवीर ने खुद को समलैंगिक बताया। उसने बताया कि वह मनीष को लंबे समय से जानता था और अक्सर उसके गांव आता-जाता था। इस दौरान दोनों के बीच दोस्ती हो गई। कुछ समय बाद राजवीर की दोस्ती साहिल से भी हो गई, जिसकी जानकारी मनीष को मिल गई। इसके बाद मनीष ने दोनों को धमकाना शुरू कर दिया कि वह उनके समलैंगिक संबंधों का खुलासा कर देगा। इसी डर और गुस्से में राजवीर और साहिल ने मनीष की हत्या की साजिश रच ली।
एसपी ने बताया कि बृहस्पतिवार को दोनों आरोपी बाइक से मनीष के घर पहुंचे, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। जानकारी मिलने पर मनीष उनसे मिलने रामबीर के बाग में गया, जहां उसका साहिल से विवाद हो गया। योजना के तहत राजवीर ने मनीष को पकड़ लिया और साहिल ने उस पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल मनीष मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। वारदात के दौरान राजवीर के हाथ पर भी चाकू लग गया। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए थे।





