Friday, September 18, 2026

Budhana News: बुढ़ाना में छात्र उज्जवल राणा प्रकरण पर उबाल, दोबारा दर्ज हुआ मुकदमा – पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने उठाई दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

Budhana News: कस्बा बुढ़ाना स्थित डीएवी डिग्री कॉलेज के छात्र उज्जवल राणा द्वारा कॉलेज प्रशासन की कथित प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर आत्महत्या का प्रयास करने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष श्री संदीप मलिक, पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह, भारतीय किसान यूनियन, जाट महासभा सहित अनेक किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने बुढ़ाना कोतवाली पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

मामले में निष्पक्ष जांच की मांग (Budhana News)

बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि कॉलेज प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा छात्र उज्जवल राणा के साथ मानसिक रूप से जो व्यवहार किया गया, वह अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि एक छात्र को इस हद तक प्रताड़ित करना कि वह आत्महत्या जैसा कदम उठाने को विवश हो जाए, यह शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। लगातार बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मामले में दोबारा सही मुकदमा पंजीकृत किया है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जांच को पूरी निष्पक्षता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

अब न्याय की मांग को अनसुना नहीं किया जाएगा

पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह ने कहा कि शिक्षा के मंदिर कहलाने वाले कॉलेज में यदि छात्रों के साथ ऐसी अमानवीय हरकतें होती रहेंगी, तो युवा पीढ़ी का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की ताकि भविष्य में कोई भी संस्था इस तरह की मानसिक प्रताड़ना का दुस्साहस न करे! उन्होंने कहा कि छात्र उज्जवल राणा के साथ हुई घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है, और अब न्याय की मांग को अनसुना नहीं किया जाएगा! इसके अलावा किसान यूनियन और जाट महासभा के प्रतिनिधियों ने भी कहा कि यह सिर्फ एक छात्र की नहीं, बल्कि पूरे समाज की लड़ाई है। यदि समय रहते न्याय नहीं मिला, तो बड़े स्तर पर आंदोलन छेड़ा जाएगा!

बुढ़ाना कोतवाली प्रभारी सुभाष अत्री ने आश्वासन दिया कि दोषियों के विरुद्ध जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद से क्षेत्र में रोष व्याप्त है, वहीं छात्र संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस मामले में पारदर्शी जांच की मांग की है।

चचा! इसे भी पढ़ लो...

इन वाली खबरों ने रुक्का तार रखा...

Verified by MonsterInsights