RSS: बेंगलुरु में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा — ‘संघ के बारे में भ्रम न रखें, सटीक जानकारी पर ही करें भरोसा।’ जानें उन्होंने क्या कहा…

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने बेंगलुरु में संघ शताब्दी वर्ष पर आयोजित व्याख्यानमाला के दौरान कहा कि संघ दुनिया का एक अद्वितीय संगठन है और इसकी तुलना किसी अन्य संगठन से करना सही नहीं है।
बेंगलुरु ।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने शनिवार को कहा कि RSS के बारे में जो चर्चाएं और धारणाएँ बनाई जाती हैं, उनमें ज्यादातर गलतफहमी और अनुचित जानकारी पर आधारित होती हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संघ या उसके कार्यक्रमों का विश्लेषण करने से पहले सटीक तथ्यों और जानकारी को समझना बेहद आवश्यक है।
यह बातें उन्होंने RSS के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय व्याख्यानमाला (8 एवं 9 नवंबर) में कहीं, इस कार्यक्रम का आयोजन बेंगलुरु के बनशंकरी स्थित पीईएस विश्वविद्यालय में हुआ। व्याख्यानमाला के पहले दिन लगभग 1,200 प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने हिस्सा लिया और इस कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् से हुई।……
संघ का स्वरूप और उद्देश्य
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने अपने व्याख्यान में कहा कि संघ दुनिया का एक अद्वितीय संगठन है और इसकी तुलना किसी अन्य संगठन से करना सही नहीं है। अगर हम सुनी सुनाई या गलत जानकारी के आधार पर संघ का मूल्यांकन करेंगे, तो इससे केवल भ्रम उत्पन्न होगा। उन्होंने यह भी साफ किया कि संघ का जन्म किसी विरोध या प्रतिक्रिया के परिणामस्वरूप नहीं हुआ। यह समाज की स्वाभाविक आवश्यकता को ध्यान में रखकर एक संगठित रूप में अस्तित्व में आया। उनका कहना था कि एक जीवंत और सशक्त समाज का निर्माण तभी हो सकता है जब वह समाज संगठित हो और संगठन किसी के खिलाफ नहीं, बल्कि समाज के समग्र विकास के लिए होता है।
भारत को हिंदू राष्ट्र और जिम्मेदारी की भावना
सरसंघचालक जी ने यह भी कहा कि भारत एक हिंदू राष्ट्र है और हिंदू होने का अर्थ देश के प्रति जिम्मेदारी निभाना है। विविधता का सम्मान करते हुए एकता बनाए रखना भारत की खूबसूरती है,और संघ का प्रमुख कार्य समाज को एक सूत्र में बांधना तथा राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करना है। उन्होंने यह भी बताया कि संघ की शाखा प्रणाली और नियमित अभ्यास व्यक्तिगत और राष्ट्रीय चरित्र के निर्माण का माध्यम हैं।……
संघ की स्थापना और इतिहास
उन्होंने संघ के इतिहास पर भी प्रकाश डाला। सरसंघचालक जी ने कहा कि यह संस्था अद्वितीय है, जिसकी तुलना किसी अन्य संगठन से नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि संघ किसी प्रतिक्रिया से नहीं जन्मा।वर्ष 1857 की क्रांति के बाद यह विचार किया गया कि थोड़े लोग हम पर शासन कैसे कर रहे हैं। इसमें डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार भी शामिल थे। डॉ. हेडगेवार ने 1916-17 से इस दिशा में प्रयोग शुरू किए और 1925 में संघ के रूप में यह सामने आया। वर्ष 1939 तक कार्यकर्ताओं ने इसे एक सिद्ध मॉडल के रूप में स्वीकार किया।
संघ विरोधियों की भूमिका और सेवा का संदेश
सरसंघचालक जी ने यह भी कहा कि संघ के विरोध में जितनी बातें कही गईं,वे केवल शब्दों तक सीमित रहीं, समाज में घूमने पर विरोधियों ने भी संगठन के उद्देश्य और सेवा को समझा और स्वीकार किया। उन्होंने विरोधियों को भी उपयोगी बताया, जैसे ‘निंदक नियरे राखिए’।……
संघ शताब्दी वर्ष और कार्यक्रम
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने 02 अक्टूबर 2025 को अपने 100 वर्ष पूरे किए हैं। इस शताब्दी वर्ष में संघ देशभर में व्याख्यानमालाएं, युवा सम्मेलन, सामाजिक सद्भाव कार्यक्रम और संवाद शृंखलाएं आयोजित कर रहा है,जिसका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को राष्ट्रीय एकता के सूत्र में जोड़ना और सटीक जानकारी देना है।……
यह भी पढ़ें- Fiber Detection System: पाकिस्तान बॉर्डर पर घुसपैठ होगी नाकाम, सेना ने सीमा पर बिछाया फाइबर का जाल…





