Friday, March 20, 2026

KEONICS: भारत के इस राज्य ने बना दिया AI वाला पहला कंप्यूटर, तुरंत देगा आपके सवालों का जवाब

KEONICS: एआई को तेजी से अपनाने की बढ़ती रफ्तार ने सरकार को भी नई दिशा में सोचने पर मजबूर कर दिया है। भारत सरकार और विभिन्न राज्य सरकारें अब एआई तकनीक को प्रोत्साहित करने के लिए कई कदम उठा रही हैं। निजी क्षेत्र में तो खासकर बड़े शहरों और युवाओं के बीच एआई और आधुनिक तकनीक की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। इसी कड़ी में अब कर्नाटक सरकार ने किफायती कंप्यूटिंग के लिए एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित पर्सनल कंप्यूटर KEO लॉन्च करने की घोषणा की है। इस कंप्यूटर को पूरी तरह कर्नाटक में ही डिजाइन और विकसित किया गया है। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।

एआई-समर्थित कंप्यूटर KEONICS

कर्नाटक के आईटी-बीटी मंत्री प्रियांक खड़गे के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी और बीटी विभाग ने KEONICS के सहयोग से इस नए एआई-समर्थित कंप्यूटर KEO को विकसित किया है। यह राज्य में डिजिटल डिवाइड को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। 18 नवंबर को बेंगलुरु टेक समिट के दौरान इस सिस्टम को औपचारिक रूप से पेश किया जा रहा है। इस कंप्यूटर को ओपन-सोर्स RISC-V प्रोसेसर पर आधारित कर किफायती रूप से तैयार किया गया है। लगभग एक वर्ष से इस प्रोजेक्ट पर काम चल रहा था और इसे स्टार्टअप्स तथा सेमीकंडक्टर कंपनियों के सहयोग से कस्टम-बिल्ट किया गया है। सरकार का लक्ष्य खास तौर पर एआई सपोर्ट वाले किफायती हार्डवेयर का बड़े स्तर पर उत्पादन करना है, ताकि आम लोगों तक भी आधुनिक कंप्यूटिंग सुविधाएं पहुंच सकें। इसके लिए सरकार ने एक सेमीकंडक्टर और एक चिप डिजाइन कंपनी से भी साझेदारी की है।

KEONICS के फीचर्स

कनेक्टिविटी के लिए इसमें 4G, वाई-फाई, ईथरनेट, USB-A, USB-C, HDMI और ऑडियो जैक जैसे पोर्ट उपलब्ध हैं। इसका एक खास फीचर है BUDDH, जो कर्नाटक DSERT के पाठ्यक्रम पर प्रशिक्षित एक विशेष AI एजेंट है। कम इंटरनेट वाले क्षेत्रों में भी यह छात्रों की मदद करेगा। यह एजेंट पाठ्यक्रम से जुड़े लगभग सभी प्रश्नों के रियल टाइम में जवाब देने में सक्षम है। साथ ही यह सिलेबस से आगे की जानकारी भी प्रदान करेगा। अभी यह अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है तथा जल्द ही इसे कन्नड़ भाषा का समर्थन भी मिलेगा।

KEONICS की शुरुआती बिक्री

शुरुआत में 500 यूनिट्स बिज़नेस-टू-कंज्यूमर मॉडल के तहत बाजार में उपलब्ध कराए जाएंगे। KEONICS के प्रेसिडेंट शरत कुमार बचे गौड़ा के मुताबिक, ओपन-सोर्स RISC-V स्टैक का उपयोग करके KEO को एक ऐसा घरेलू व स्थानीय कंप्यूटिंग समाधान बनाया गया है जो सहज, किफायती और अनुकूलनीय है। यह सिस्टम हर छात्र, इंजीनियर, क्रिएटर, नवाचारकर्ता और हर घर में सशक्त और स्मार्ट कंप्यूटिंग का अनुभव प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है।

चचा! इसे भी पढ़ लो...

इन वाली खबरों ने रुक्का तार रखा...

Verified by MonsterInsights