JOB Alert: ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को पंचायती राज विभाग के पोर्टल पर अपलोड करने और विभिन्न रिकॉर्ड संभालने की जिम्मेदारी निभाने वाले पंचायत सहायकों को अब यह नौकरी रास नहीं आ रही है। मात्र छः हजार रुपए मानदेय मिलने के कारण जिले के 47 पंचायत सहायकों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। इन रिक्त पदों को भरने के लिए अब पुनः भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जनपद मुजफ्फरनगर में 487 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें से वर्तमान में 440 में ग्राम पंचायत सहायक तैनात है। छह माह में जनपद में 47 ग्राम पंचायतों ने नौकरी छोड़ी है। दरअसल मानदेय मात्र छह हजार रुपये प्रति माह होने से इन्होंने इस्तीफा दिया है। नौकरी छोड़ने वालों में पुरकाजी ब्लाक से तीन, सदर से चार, बघरा से पांच, चरथावल से पांच बुढ़ाना से चार, शाहपुर से दो, खतौली से सात, जानसठ से छह और मोरना से 11 पंचायत सहायक शामिल हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी रेनू श्रीवास्तव ने बताया कि रिक्त पदों पर जिलास्तर पर ही भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है, जिसे दो माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। यदि इसके बाद भी कोई पद रिक्त रहता है तो संबंधित ग्राम सचिव के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन पंचायत सहायकों ने इस्तीफा दिया है या जिन्हें हटाया गया है, उन्हें दोबारा नियुक्त नहीं किया जाएगा। भर्ती में आरक्षण नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।





