Bijnor News: वेस्ट यूपी की नगीना लोकसभा सीट से सांसद और आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद तथा उनकी कथित पूर्व मित्र डॉ. रोहिणी घावरी के बीच चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्विट्ज़रलैंड में रह रही रोहिणी लगातार सोशल मीडिया पर चंद्रशेखर पर गंभीर आरोप लगा रही हैं। शनिवार को उन्होंने X (पूर्व ट्विटर) पर तीन पोस्ट कर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी।
रोहिणी ने अपने एक पोस्ट में लिखा कि 26 नवंबर को मुजफ्फरनगर में होने वाली चंद्रशेखर की रैली में वह खुद पहुंचेंगी। उन्होंने लिखा— “मंच से संविधान की शपथ लूंगी, और इसे जेल जरूर भेजूंगी। मंच चंद्रशेखर का, लोग चंद्रशेखर के, लेकिन शपथ डॉ. रोहिणी घावरी की। अगर किसी ने मुझे हाथ भी लगाया तो पूरा देश महिला सम्मान देखेगा।” एक अन्य पोस्ट में रोहिणी ने दावा किया कि चंद्रशेखर ने उनके माता-पिता को जेल भिजवाने की धमकी दी है। उन्होंने सांसद को धोखेबाज़ और एहसान फरामोश बताते हुए लिखा—
“अब मैं आपकी जानी दुश्मन बन चुकी हूं। आपको पूरी तरह खत्म करूंगी। जब बात मां-बाप पर आती है तो बच्चे हर मर्यादा लांघ देते हैं। आ रही हूं इंडिया… अपनी ताकत दिखाऊंगी।”
स्विट्ज़रलैंड से पोस्ट करते हुए रोहिणी ने लिखा— “मेरे मम्मी-पापा मेरे भगवान हैं। उन्हें ज़रा भी तकलीफ़ पहुंचाने की कोशिश मत कीजिए। वरना इंडिया आकर अपनी ताकत दिखाऊंगी, गृहमंत्री भी नहीं बचा पाएंगे। आपकी लड़ाई मुझसे है… मेरे परिवार को बीच में मत लाइए। मैंने आपके मां-बाप का हमेशा सम्मान किया है, तो आपको भी करना चाहिए।” एक अन्य पोस्ट में रोहिणी ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उनके पिता चंद्रशेखर को पगड़ी पहनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पूरा परिवार मौजूद है। रोहिणी ने लिखा—
“जिस मां-बाप ने आपको इतना सम्मान और प्यार दिया, उनकी बेटी होने के नाते मैंने कभी उन्हें कुछ नहीं कहा। लेकिन आज आप वही मां-बाप को जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं। अब मैं आपकी जानी दुश्मन बन चुकी हूं। आ रही हूं इंडिया… वेट करिए।”
ध्यान रहे कि दोनों के बीच विवाद लंबे समय से जारी है। रोहिणी पहले भी कई गंभीर आरोप चंद्रशेखर पर लगा चुकी हैं। महिला आयोग और पुलिस में भी शिकायतें दर्ज हैं। वहीं चंद्रशेखर और उनके संगठन की ओर से रोहिणी को लेकर “गलत बयानबाज़ी” के आरोप में बिजनौर में FIR कराई जा चुकी है।





