UP Voter List 2023: यूपी के शामली जिले में एसआईआर अभियान के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य अब अंतिम चरण में पहुँच चुका है। इस अभियान की अंतिम तिथि 4 दिसंबर निर्धारित की गई है। जिला निर्वाचन कार्यालय प्रभारी एवं एसडीएम हामिद हुसैन ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि यदि किसी को अब तक गणना प्रपत्र (SIR Form) प्राप्त नहीं हुआ है, तो वे तुरंत अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क करें।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज सभी मतदाताओं को 4 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से एसआईआर का गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा करना होगा। यदि किसी मतदाता को यह प्रपत्र उपलब्ध नहीं हुआ है, तो वह अपने बीएलओ से संपर्क कर प्रपत्र प्राप्त कर सकता है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार यह प्रपत्र भरना सभी के लिए आवश्यक है।
UP Voter List 2023: ऑनलाइन प्रपत्र भरने की सुविधा भी उपलब्ध
जो मतदाता ऑनलाइन प्रपत्र भरना चाहते हैं, वे निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध फार्म को भर सकते हैं। इसके लिए मतदाता को अपनी आईडी और मोबाइल नंबर पर प्राप्त होने वाले ओटीपी से लॉगिन करना होगा। यदि मतदाता का मोबाइल नंबर लिंक नहीं है, तो वह ऑनलाइन फार्म नहीं भर सकेगा। ऐसे में बीएलओ से संपर्क कर ऑफलाइन फॉर्म भरना आवश्यक होगा।
सावधान रहें: दो जगह से फॉर्म न भरें
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि एक मतदाता केवल एक ही स्थान से एसआईआर फॉर्म भरे। यदि कोई मतदाता दो जगह से फॉर्म भरता है, तो यह गलत माना जाएगा और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। साथ ही फॉर्म में दी जाने वाली सभी जानकारी सही और तथ्यात्मक होनी चाहिए, अन्यथा भविष्य में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
फॉर्म जमा करना अनिवार्य, वरना कट सकता है नाम
अधिकारियों ने बताया कि फॉर्म में मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से दर्ज करें, जन्मतिथि सही भरें। आधार नंबर देना वैकल्पिक है, अनिवार्य नहीं। फॉर्म को संभालकर रखें और उसे फाड़ने या खराब करने से बचें।





