दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे देश में हाई अलर्ट पर हैं। इसी बीच सहारनपुर के नागल थाना क्षेत्र के गांव पहाड़पुर में सोमवार को दो कश्मीरी युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए पकड़ा गया। उनके व्यवहार और जवाबों पर ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद उन्हें रोका गया और पूछताछ की गई। सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दे दी।
गांव के अलग-अलग हिस्सों में संदिग्ध रूप से घूमते दिखे युवक
ग्रामीणों के मुताबिक दोनों युवक बिना किसी स्पष्ट कारण के गांव में अलग-अलग स्थानों पर घूमते नजर आए। पूछने पर वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उनकी बॉडी लैंग्वेज भी संदिग्ध लग रही थी। कुछ ही देर में भीड़ जुट गई और पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया। थाने में जांच के दौरान मामला और दिलचस्प हो गया। दोनों युवकों के दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि दोनों का नाम नाजिर है और वे जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के भाटा धुरिया गांव के रहने वाले बताए गए हैं। इसके बाद पुलिस और स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी।
ठंड से बचने के लिए राज्यों में घूमने का किया दावा
पूछताछ में युवकों ने दावा किया कि पहाड़ी क्षेत्रों में सर्दियों में तापमान बहुत कम होने के कारण वे हर साल ठंड के मौसम में अलग-अलग राज्यों में घूमकर भीख मांगने का काम करते हैं और मौसम सुधरते ही घर लौट जाते हैं। हालांकि पुलिस और एलआईयू को उनका यह जवाब संतोषजनक नहीं लगा। इसी कारण उनके आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और सभी दस्तावेज कब्जे में लेकर उनकी पृष्ठभूमि की गहराई से जांच की जा रही है।
पुंछ पुलिस से भी किया जा रहा है सत्यापन
सहारनपुर में हाल ही में पकड़े गए डॉक्टर आदिल के आतंकी नेटवर्क से जुड़े मामले के बाद पुलिस किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं कर रही। इसी वजह से दोनों युवकों की मौजूदगी, उनकी पहचान और समान नाम होने की असली वजह जानने के लिए पुलिस ने पुंछ पुलिस से भी संपर्क कर सत्यापन की प्रक्रिया तेज कर दी है।





