Wednesday, February 4, 2026

सड़क हादसे में केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव की गाड़ी के परखच्चे उड़े, जांच में जुटी पुलिस

महाराष्ट्र के वाशिम जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना में केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के वक्त मंत्री वाहन में मौजूद नहीं थे, लेकिन उनके बॉडीगार्ड, चालक और एक सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना वाशिम जिले के समृद्धि महामार्ग पर रिधोरा गांव के पास हुई। जानकारी के अनुसार, नागपुर में मंत्री को छोड़ने के बाद वाहन मेहकर की ओर लौट रहा था, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।

तीनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में मंत्री के बॉडीगार्ड निलेश वाकुडकर, वाहन चालक भूषण चोपड़े और सहयोगी वैभव देशमुख को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कार्यकर्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था की और घायलों को वाशिम के लाइफ लाइन अस्पताल में भर्ती कराया, जहां तीनों का उपचार जारी है।

वाहन के उड़ गए परखच्चे, जांच में जुटी पुलिस
दुर्घटनाग्रस्त वाहन केंद्रीय मंत्री के नाम पर पंजीकृत है। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मंत्री को घटना की जानकारी कुछ देर से मिली, क्योंकि उन्हें नागपुर एयरपोर्ट पर छोड़ने के बाद काफिला वापस लौट रहा था।

कौन हैं प्रतापराव जाधव
सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री वाशिम से पहले महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के मोटोला तालुका में एक शादी समारोह में शामिल हुए थे। प्रतापराव गणपतराव जाधव वर्ष 2024 से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वे शिंदे गुट की शिवसेना से जुड़े हैं और 2009 से लगातार चार बार बुलढाणा लोकसभा सीट से निर्वाचित हो चुके हैं।

चचा! इसे भी पढ़ लो...

इन वाली खबरों ने रुक्का तार रखा...

Verified by MonsterInsights