मवाना: मवाना रोड स्थित महालक्ष्मी डिग्री कॉलेज में मंगलवार को M-Rise & Shine 2k25-26 वार्षिक कार्यक्रम का भव्य, गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रतिभा सम्मान और राष्ट्रप्रेम का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. हिमांशु अग्रवाल (डी.एन. कॉलेज, मेरठ) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सुंदर लाल (न्यायाधीश, जनपद बिजनौर) एवं एसआई अनुराग यादव (थाना इंचौली) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज चेयरमैन डॉ. प्रवीण मित्तल ने की। मंच पर कॉलेज सेकेट्री श्रीमती सारिका मित्तल, कॉलेज निदेशक डॉ. मोहित यादव, कॉलेज रजिस्ट्रार पवन शर्मा, अकादमिक डीन डॉ. राशिद, संदीप कुमार सहित अन्य महाविद्यालयों के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष एवं शिक्षकगण मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से सहभागिता की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
बीए प्रथम वर्ष की छात्रा प्राची द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद अभिषेक ग्रुप द्वारा प्रस्तुत वेलकम सॉन्ग ने अतिथियों का भावपूर्ण स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत और भावनात्मक प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

- इस अवसर पर आईपीसी कॉलेज के पैरामेडिकल विभाग के विद्यार्थियों ने कॉलेज जीवन पर आधारित स्किट प्रस्तुत की, जिसमें संघर्ष, अनुशासन और लक्ष्य को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। महालक्ष्मी डिग्री कॉलेज के पैरामेडिकल विभाग के छात्रों द्वारा प्रस्तुत “मिशन सिन्दूर” पर आधारित देशभक्ति समूह नृत्य ने पूरे सभागार को राष्ट्रप्रेम की ऊर्जा से भर दिया।
मुख्य अतिथि और प्रबंधन का प्रेरणादायक संबोधन
मुख्य अतिथि प्रो. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि “युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। अनुशासन, ईमानदारी और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने वाले युवा असंभव को भी संभव बना सकते हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।”
इस मौके पर छात्रों को संबोधित करते हुए कॉलेज के चेयरमैन डॉ. प्रवीण मित्तल ने कहा कि M-Rise & Shine केवल वार्षिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का मंच है। कॉलेज सेकेट्री श्रीमती सारिका मित्तल ने सभी छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कॉलेज निदेशक डॉ. मोहित यादव ने कहा कि “हमारा लक्ष्य केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि ज्ञानवान, चरित्रवान, आत्मनिर्भर और राष्ट्र के प्रति समर्पित युवाओं का निर्माण करना है।”
प्रतिभागियों और अतिथियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को कॉलेज का प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि प्रो. हिमांशु अग्रवाल को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। विशिष्ट अतिथियों एवं अन्य महाविद्यालयों से आए सभी प्राचार्यों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिव कुमार एवं बॉबी त्यागी ने प्रभावशाली एवं ऊर्जावान शैली में किया।





