Wednesday, February 4, 2026

UP News: इस ऐप्लीकेशन की वजह से चार साल पहले मैनपुरी से लापता युवक मुजफ्फरनगर के ढाबे पर मिला

UP News: मैनपुरी जिले से चार वर्ष पूर्व लापता हुआ एक युवक आखिरकार मुजफ्फरनगर में सकुशल मिल गया। युवक की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था, लेकिन पुलिस की सूझबूझ और तकनीक के सही उपयोग से उसके परिजनों तक पहुंच संभव हो सकी। युवक के सुरक्षित मिलने पर स्वजनों ने खुशी जाहिर की और पुलिस का आभार व्यक्त किया।

मामला तितावी थाना क्षेत्र का है। थाना के एसएसआई अजयपाल सिंह और उपनिरीक्षक नवनीत यादव पुलिस टीम के साथ मंगलवार शाम नौकरों व किरायेदारों के सत्यापन अभियान में जुटे हुए थे। इसी दौरान वे पानीपत–खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित भगतजी ढाबे पर पहुंचे। वहां कार्य कर रहे एक युवक की संदिग्ध स्थिति देखकर पुलिस ने उससे पहचान संबंधी जानकारी ली।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम शैलेंद्र उर्फ शंकर और जिला मैनपुरी बताया। उपनिरीक्षक नवनीत यादव स्वयं मैनपुरी जिले के निवासी होने के कारण उन्होंने गहराई से जानकारी जुटाई। इसके बाद सी-प्लान एप का उपयोग करते हुए युवक के गांव ब्रजपुर के प्रधान से संपर्क किया गया। सी-प्लान एप के माध्यम से पहचान की पुष्टि होते ही युवक के स्वजनों से संपर्क हो गया। सूचना मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। चार वर्षों बाद अपने बेटे को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और मुजफ्फरनगर पुलिस की संवेदनशीलता व तत्परता की सराहना की।

चचा! इसे भी पढ़ लो...

इन वाली खबरों ने रुक्का तार रखा...

Verified by MonsterInsights