Delhi Red Fort Blast: लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुई कार ब्लास्ट की घटना से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली कहानी सामने आई है। पहाड़गंज निवासी बलबीर सिंह मौत के मुंह से बाल-बाल बचे हैं। जिस वक्त धमाका हुआ, वह अपनी वैगनआर कार में बैठे थे — और बस कुछ सेकंड का अंतर उनकी जिंदगी बचा गया।
बलबीर सिंह ने बताया कि उनका भाई चांदनी चौक में खरीदारी के लिए गया हुआ था और उसने उन्हें वहीं बुलाया था। लेकिन जाम की वजह से उनकी कार रुक गई और वे आगे नहीं बढ़ सके। “भाई ने कहा था कि लाल किले के सामने आ जाओ, पर मैं नहीं पहुंच सका। मैं गाड़ी में ही इंतजार कर रहा था कि तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ,” बलबीर ने बताया।
उन्होंने कहा कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि कुछ पल के लिए सब कुछ सुन्न हो गया। विस्फोट के बाद एक व्यक्ति उनकी गाड़ी के ऊपर आ गिरा, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भेजा गया। बलबीर सिंह ने भावुक होकर कहा, अगर मेरा भाई समय पर लौट आता, तो शायद मैं भी वहीं होता। बस कुछ सेकंड का फर्क था… वरना आज मैं भी जिंदा नहीं होता।”





