Brijghat Cleanliness Drive: कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के बाद बृजघाट में गंगा जी के घाट पर फैली गंदगी को नेह नीड के छात्रों ने हटाया। मां गंगा की स्वच्छता में बच्चों ने दिया प्रेरणादायक संदेश।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान के बाद गंगा घाट पर गंदगी
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने बृजघाट में गंगा स्नान किया। कार्तिक पूर्णिमा का स्नान तो सम्पन्न हो गया लेकिन स्नान के बाद गंगा घाट पर कूड़ा-कचरा, दोने-पत्तल और प्लास्टिक कचरे के ढेर लग गए।
नेह नीड के बच्चों ने संभाली सफाई की जिम्मेदारी
मां गंगा के आंचल को गंदा देखकर नेह नीड संस्थान के छात्रों ने सफाई अभियान चलाया। बुधवार दोपहर घाट खाली होने के बाद नेह नीड़ के संस्थापक कन्हैया लाल के नेतृत्व में 120 छात्र और कार्यकर्ता बोरे और पल्लियां लेकर घाट पर पहुंच गए। छात्रों ने बिना किसी झिझक के श्रद्धालुओं द्वारा छोड़ी गई पूजा सामग्री, पुराने कपड़े, पॉलीथिन और पत्तलों के ढेरों को बोरों में भरकर नगर पालिका के ट्रैक्टर-ट्रॉली में डाला। करीब दो घंटे तक सफाई अभियान चलाने के बाद सभी ने गंगा स्नान किया।
हर कोई कर रहा प्रशंसा
नेह नीड के बच्चों के इस स्वच्छता अभियान की हर कोई सराहना कर रहा है। उनके इस सामूहिक प्रयास ने पर्यावरण संरक्षण और गंगा स्वच्छता का सशक्त संदेश दिया है। नेह नीड़ संस्थान तीर्थनगरी बृजघाट में अक्सर इस तरह के सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेता है।
यह भी पढ़ें- Hapur News: हापुड़ में लोहपुरुष की जयंती पर सरकारी स्कूल में पढ़ाई कुरान की आयत…





