Saturday, March 21, 2026

छपार टोल प्रकरण: मांगेराम त्यागी समेत तीन पर रंगदारी मांगने का मुकदमा, बोले– “जल्द SSP ऑफिस में समाज संग दूंगा गिरफ्तारी”

मुजफ्फरनगर: छपार टोल प्रकरण को लेकर जिले की सियासत में गर्मी बढ़ गई है। छपार थाना पुलिस ने बुढ़ाना ब्लॉक प्रमुख एवं टोल ठेकेदार विनोद मलिक की तहरीर पर मांगेराम त्यागी सहित तीन लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

मुकदमा दर्ज होने के बाद मांगेराम त्यागी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वह मुकदमा दर्ज होने का स्वागत करते हैं और इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। चुनौती भरे अंदाज में उन्होंने कहा कि वह जल्द ही सभी समाज के लोगों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर स्वयं गिरफ्तारी देंगे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “हमें जेल भेज दो।”

जनप्रतिनिधियों पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप

मांगेराम त्यागी ने मुजफ्फरनगर के स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “जिन लोगों के पास कभी मात्र 10-10 लाख रुपये की संपत्ति हुआ करती थी, आज वे हजारों करोड़ रुपये के मालिक बन बैठे हैं।” उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आखिर इतनी बड़ी संपत्ति का स्रोत क्या है और यह धन कहां से आ रहा है।

2027 विधानसभा चुनाव में CM योगी को झटका देने की चेतावनी

इस दौरान मांगेराम त्यागी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी झटका देंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के नेता भी टोल प्लाजा पर गरीब ब्राह्मण युवक की हत्या पर चुप रहे, जबकि वे अन्य मामलों में रामपुर और बरेली जाने की बात पर अड़े रहते हैं। उन्होंने ऐलान किया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारेंगे, ताकि गुर्जर, त्यागी और एससी समाज के लोगों को जेल भेजने का परिणाम सपा और भाजपा दोनों को भुगतना पड़े।

चचा! इसे भी पढ़ लो...

इन वाली खबरों ने रुक्का तार रखा...

Verified by MonsterInsights