Crime Control in UP: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में पुलिस अपराधियों के लिए काल बन चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बाद यूपी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अक्टूबर और नवंबर के बीच कई इनामी अपराधियों को मुठभेड़ में ढेर किया गया है। इसी क्रम में आजमगढ़ में एसटीएफ और पुलिस की टीम ने 50 हजार के इनामी वाकिफ को मुठभेड़ में मार गिराया। उसके खिलाफ 67 आपराधिक मामले दर्ज थे।
Crime Control in UP: आजमगढ़ में 50 हजार के इनामी वाकिफ का अंत
आजमगढ़ के रौनापार थाना क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में वाकिफ को मुठभेड़ में मार गिराया गया। वाकिफ पर गंभीर अपराध जैसे पशु तस्करी, लूट और अवैध हथियारों के मामले दर्ज थे। मुठभेड़ के दौरान उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। 6 नवंबर को बहराइच पुलिस ने रुपईडीहा इलाके में मुठभेड़ के बाद चार इनामी बदमाशों को पकड़ा। मुनव्वर और जोखे को गोली लगी, जबकि छोटकउ और बबलू को पुलिस ने दबोचा। चारों पर 10 से 15 हजार रुपए का इनाम घोषित था। ये लखीमपुर जिले के रहने वाले हैं। राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में 12 अक्टूबर को पुलिस ने गुरसेवक नाम के एक लाख के इनामी को एनकाउंटर में मार गिराया। वह हाल ही में हुई हत्या और कार लूट की वारदात में शामिल था।
मुजफ्फरनगर में मेहताब और नईम का खात्मा
18 अक्टूबर को शामली जिले के कांधला थाना क्षेत्र में एक लाख के इनामी बदमाश नफीस उर्फ मुदा की मुठभेड़ में मौत हो गई। नफीस पर 30 से अधिक केस दर्ज थे, जिनमें हत्या, लूट और डकैती शामिल हैं। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र में 3 अक्टूबर को एक लाख का इनामी मेहताब पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। वहीं, 28 सितंबर को एक लाख के इनामी नईम की मौत से वेस्ट यूपी के कई गैंगों में खौफ फैल गया। 13 अक्टूबर को मेरठ पुलिस ने सरूरपुर क्षेत्र में 25 हजार के इनामी शहजाद उर्फ निक्की को मुठभेड़ में मार गिराया। वह दुष्कर्म मामले में फरार था और 7 से अधिक केसों में वांछित था। 9 अक्टूबर को बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में एक लाख के इनामी इफ्तेखार उर्फ शैतान उर्फ फौजी को पुलिस ने मार गिराया। वह मेरठ दंपती हत्याकांड और कई डकैतियों में वांछित था।
अपराध पर योगी सरकार का नियंत्रण
पिछले डेढ़ महीने में एक लाख के 5 इनामी, 50 हजार के एक, और 10-25 हजार के दर्जनों अपराधी या तो ढेर हुए या गिरफ्तार हुए हैं। इससे प्रदेश में कानून व्यवस्था पर लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है और अपराधी अब उत्तर प्रदेश में कदम रखने से पहले दस बार सोच रहे हैं। योगी आदित्यनाथ सरकार की Zero Tolerance Policy ने उत्तर प्रदेश में अपराधियों की नींद उड़ा दी है। लगातार हो रही मुठभेड़ों से जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, जबकि बदमाशों में पुलिस का खौफ साफ दिख रहा है।





