Delhi Blast News Live Update: दिल्ली में सोमवार (10 नवंबर) की शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास चलती कार में हुए भीषण धमाके के बाद राजधानी में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। इस हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, धमाके का मास्टरमाइंड डॉक्टर उमर मारा गया है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर उमर ही इस पूरे हमले की मुख्य साजिश का सूत्रधार था। दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सहारनपुर, फरीदाबाद और गुजरात कनेक्शन की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने गुजरात पुलिस से संपर्क किया है और वहां से पकड़े गए तीन संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। इन संदिग्धों के किसी डॉक्टर या नेटवर्क से संपर्क की भी जांच की जा रही है।
इस बीच, गृह मंत्रालय में आपात बैठक बुलाई गई है, जिसकी अध्यक्षता गृह मंत्री अमित शाह कर रहे हैं। बैठक में गृह सचिव, NIA प्रमुख और अन्य जांच एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। गृह मंत्रालय ने जांच की जिम्मेदारी NIA को सौंप दी है।





