Delhi Red Fort Blast: सोमवार देर शाम राजधानी दिल्ली के लाल किले के निकट हुई एक भीषण विस्फोटक घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। शाम करीब 7 बजे एक कार में हुए जोरदार धमाके से आग लग गई, जिससे आसपास खड़ी कई अन्य गाड़ियां भी चपेट में आ गईं। इस भयावह हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गईं। इस बीच, देशभर से राजनीतिक नेताओं ने इस दुखद घटना पर शोक और चिंता व्यक्त की है।
राहुल गांधी ने कहा — ‘दिल्ली धमाका बेहद दर्दनाक और चिंताजनक’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की ख़बर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। इस दुखद हादसे में कई निर्दोष लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
ममता बनर्जी बोलीं — ‘घटना ने झकझोर कर रख दिया’
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी अपनी संवेदना प्रकट करते हुए कहा, “नई दिल्ली में हुए दुखद विस्फोट के बारे में सुनकर मुझे गहरा सदमा लगा है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों को शक्ति और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”
प्रियंका गांधी ने कहा — ‘ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दे’
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लिखा, दिल्ली में हुए धमाके में कई लोगों की मृत्यु और कई अन्य के घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।”
मनीष सिसोदिया ने कहा — ‘एकजुटता से ही आतंक का जवाब’
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने इस घटना को “बेहद चिंताजनक” बताया और कहा, “घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। ऐसे कठिन समय में शांति और संयम बनाए रखना ही सबसे बड़ी ताकत है। आतंक और भय का जवाब हमारी एकजुटता से ही दिया जा सकता है।”
महबूबा मुफ्ती ने जताया गहरा दुख
पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “दिल्ली में हुए दुखद कार विस्फोट के बारे में सुनकर मुझे गहरा सदमा और दुःख हुआ, जिसमें कई अनमोल जानें चली गईं और अन्य घायल हो गए। मेरी संवेदना पीड़ित परिवारों के साथ है। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं और आशा करती हूं कि इस त्रासदी के कारणों का शीघ्र पता लगाया जाएगा।”
विस्फोट के बाद दिल्ली पुलिस, एनआईए और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और घटना के हर पहलू की जांच कर रही हैं। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, धमाके का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के क्षेत्रों को सील कर दिया है और निगरानी बढ़ा दी गई है।





