Friday, March 20, 2026

सिकंदरपुर की खूबसूरती को निगल रहा ‘अतिक्रमण’, सड़कों पर नो-पार्किंग वाहनों से ग्रामीण बेहाल, आगामी पंचायत चुनाव को लेकर कह डाली ये बात

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल कस्बे के ग्राम सिकंदरपुर में अतिक्रमण की समस्या लगातार गहराती जा रही है। गाँव की मुख्य सड़कों और गलियों में लोगों द्वारा बड़े वाहनों, रिक्शा और ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़कों पर खड़ा कर देने से स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान इस गंभीर समस्या से पूरी तरह बेखबर हैं या जानबूझकर अनदेखी कर रहे हैं।

आवागमन बाधित, मेडिकल इमरजेंसी में बड़ी दिक्कतें

गाँव की मुख्य सड़क, जो उच्च प्राथमिक विद्यालय से रामशरण के मकान तक जाती है, पूरी तरह अवरुद्ध होती जा रही है। वहीं नैन सिंह के मकान से माधोराम कश्यप के मकान तक जाने वाली गली में भी अतिक्रमण ने राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब किसी घर में बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाना होता है या एंबुलेंस बुलानी पड़ती है, तो सड़क पर खड़े वाहनों के कारण एंबुलेंस अंदर तक नहीं पहुंच पाती। कई बार मरीजों को चारपाई या बाइक पर ले जाना पड़ता है। यह स्थिति किसी भी आपदा के समय भयावह रूप ले सकती है।

गली-गली में पार्किंग, रास्ते हुए संकरे

गाँव के कई हिस्सों में अव्यवस्थित निर्माण और लोगों की लापरवाही के कारण सड़कें दिन-ब-दिन संकरी होती जा रही हैं। कई जगहों पर घरों के बाहर बनाए गए रैम्प और अवैध निर्माण ने पहले से ही कम चौड़ी गलियों को और तंग कर दिया है। जिन सड़कों पर कभी दो वाहन आराम से निकल जाते थे, अब वहाँ पैदल चलने तक में लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश घरों के सामने बिना अनुमति के रैम्प बनाए गए हैं, जिसके कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा स्थायी रूप से घिर गया है। ग्रामीणों ने बताया कि गाँव में जगह-जगह ई-रिक्शा चालक अपने वाहन बीच सड़क पर खड़े कर देते हैं, जिससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन जाती है। कई बार तो एम्बुलेंस या आपातकालीन वाहन को भी रास्ता नहीं मिल पाता। एक ग्रामीण ने बताया कि कुछ किसान लोग अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली या बड़े वाहनों को मुख्य सड़क पर ही पार्क कर देते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्राम पंचायत और प्रशासन को इस मुद्दे पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।

ग्राम प्रधान पर लापरवाही के आरोप

एक ग्रामवासी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बढ़ते अतिक्रमण के लिए वर्तमान ग्राम प्रधान कल्लू हाजी उर्फ़ मोहम्मद रज़ा ज़िम्मेदार हैं! ग्रामवासी का कहना है कि “प्रधान की नाक के नीचे लगातार अतिक्रमण हो रहा है, लेकिन वे किसी भी प्रकार की कार्रवाई से बच रहे हैं। यदि जल्द ही इस पर ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो आने वाले पंचायत चुनाव में जनता उन्हें इसका जवाब जरूर देगी।” उनका कहना है कि अगली बार गाँव की जनता ऐसे प्रत्याशी को मौका देगी, जो सभी को साथ लेकर गाँव के विकास के लिए ईमानदारी से काम करने की भावना रखता हो।

जनहित में आवश्यक कदम

ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन तत्काल हस्तक्षेप कर सड़कों और गलियों से अतिक्रमण हटाए। ग्राम पंचायत स्तर पर वाहन पार्किंग के लिए अलग स्थान चिन्हित किए जाएं और घरों के बाहर रैम्प या स्थायी निर्माण पर रोक लगाई जाए। यदि समय रहते अतिक्रमण पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो सिकंदरपुर जैसे गाँवों में विकास की गति रुक जाएगी और आम जनता का जीवन और अधिक कठिन हो जाएगा।

चचा! इसे भी पढ़ लो...

इन वाली खबरों ने रुक्का तार रखा...

Verified by MonsterInsights