Hapur News: दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद देशभर में दहशत फैल गई है। इसी बीच हापुड़ के मोहल्ला शिवपुरी निवासी दंपती भी उस समय घटना स्थल के पास मौजूद थे। उनका कहना है कि जैसे ही धमाका हुआ, ऐसा लगा मानो पहलगांव जैसा हमला हो गया हो। वहां भगदड़ मच गई और चारों ओर अफरातफरी फैल गई। दोनों ने बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई।
शव का हिस्सा पास गिरा तो सन्न रह गए
पीड़ित पुष्कर अग्रवाल ने बताया कि वह अपनी पत्नी पूजा अग्रवाल के साथ भागीरथ पैलेस के पास इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान खरीदने गए थे। उन्होंने कार को ओमेक्स मल्टी-लेवल पार्किंग में खड़ा किया था। शॉपिंग के बाद जब वे लाल किला और चांदनी चौक की ओर घूम रहे थे, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ।
पुष्कर के मुताबिक –“जैसे ही धमाका हुआ, हमारे पास किसी शव का हिस्सा आकर गिरा। चारों ओर धुआं और चीख-पुकार थी। लगा जैसे पहलगांव जैसा हमला हो गया हो। हम तुरंत वहां से भागे और किसी तरह अपनी जान बचाई।”
परिवार में मचा हड़कंप, सुरक्षित लौटने पर ली राहत की सांस
जैसे ही दिल्ली धमाके की खबर हापुड़ पहुंची तो पुष्कर और पूजा के परिजन घबरा गए। लगातार कॉल कर उनका हालचाल लिया गया। बाद में जब दोनों सुरक्षित हापुड़ पहुंचे, तो परिवार ने राहत की सांस ली। पूजा अग्रवाल ने कहा –“वहां जो मंजर देखा, शायद जिंदगी में कभी नहीं भूल पाएंगे। धमाके की आवाज और भगदड़ अब भी कानों में गूंज रही है।”
यह भी पढ़ें- Delhi Blast Alert: दिल्ली धमाके के बाद हापुड़ में अलर्ट, DM बोले घबराने की कोई ज़रूरत नहीं है, सतर्क रहें…





