Hapur News: हापुड़ जिले के करीब 26 गांवों के सैकड़ों किसानों को कर्नाटक राज्य की एक कंपनी चूना लगा गई। कंपनी द्वारा किसानों से आलू की खेती कराकर उनके लगभग 3.80 करोड़ रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। किसानों द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद भी पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई न होने से नाराज किसानों ने शुक्रवार को हापुड़ कलक्ट्रेट जाकर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही किसानों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा और अनिश्चितकालीन धरने की घोषणा भी की।
इस मामले में पीड़ित किसानों ने जिले के तीन थानों में आलू खरीदने वाली कंपनी और उसके प्रतिनिधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन किसानों को न तो उनका बकाया पैसा ही मिला और न ही कंपनी के विरुद्ध कोई कानूनी कार्रवाई हुई। इस मामले में शुक्रवार को गांव कनिया कल्याणपुर, मुरादपुर निजामसर, अठसैनी, हसूपुर, सरूरपुर, हरोड़ा, बक्सर, मानक चौक, जखैड़ा, अट्टूा, अटौला, गिरधरपुर, रामपुर, उबारपुर, तुमरैल, भटियाना, बहलोलपुर लौथर, असरा आदि गांव के आलू किसान योजना बनाकर एक जगह इकट्ठे हुए और फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जिला मुख्यालय जा पहुंचे। किसानों ने बताया कि कुछ दिनों पहले उनके पास आलू खरीदने का प्लान लेकर कर्नाटक की उत्कल टयूबर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि आए थे।
कंपनी ने कई गांवों के किसानों को आलू की खेती में मोटे मुनाफे का लालच देकर उनसे आलू की खेती कराई, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी कंपनी ने किसानों का भुगतान नहीं किया। किसानों ने कंपनी और प्रतिनिधियों से अपने रुपये मांगे तो उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया। इस मामले में किसानों ने कंपनी के अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन इसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इससे किसानों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। अधिकारी भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। किसानों ने ऐलान किया कि जब तक किसानों को बकाया और आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हो जाती, तब तक हमारा धरना जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें- Hapur News: जहरीली हुई हापुड़ की हवा, एक्यूआई पहुंचा 280 पार…





