गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार की अर्ध रात्रि के बाद गढ़ गंगा और बृजघाट घाटों पर लगभग 40 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान पूरा गंगा का तट “हर हर गंगे” के जयघोष से गूंज उठा। सोमवार की शाम को श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ और पूर्वजों की आत्माओं की शांति के लिए दीपदान भी किया।
सोमवार की दोपहर से ही गढ़ मेले में भारी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया दिन ढलने के बाद रात्रि में यह आवागमन और भी अधिक हो गया। श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक होने के कारण रात भर से ही मेले से लेकर नक्का कुआ मार्ग पर लगभग 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मेला रोड से एनएच-9 पर वाहन रेंगते हुए दिखाई दिए। पुलिस कर्मी और ट्रैफिक पुलिस व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास करते रहे। लगातार स्थिति का जायज लेते हुए डीआईजी कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय और पुलिस अधीक्षक केजी सिंह ने स्वयं सड़क पर मोर्चा संभाला।
तीनों बड़े अधिकारियों ने लगातार मेले की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और भीड़ प्रबंधन तथा यातायात से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने जानकारी दी कि प्रशासन ने सभी आवश्यक इंतजाम किए थे, लेकिन इस बार श्रद्धालुओं की संख्या ने सभी रिकॉर्ड पार कर दिए। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं को आश्वासन दिया कि उन्हें कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
यह भी पढ़ें- हापुड़ के विगास ग्राम में गुरु नानक देव ने बरगद पेड़ के नीचे की थी तपस्या, फिर गए थे गढ़मुक्तेश्वर…





