शामली जिला प्रशासन ने गुरुवार को कुख्यात गैंगस्टर और मुकीम गिरोह के सक्रिय सदस्य इनाम उर्फ धुरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब छह करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली। सुबह 11 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम वाणिज्य भवन स्थित इनाम धुरी की आठ दुकानों पर पहुँची। यहां दुकानों को कुर्क करते हुए बड़े आकार के लोहे के नोटिस बोर्ड लगाए गए।
कुर्की प्रक्रिया को सार्वजनिक करने के लिए पूरे इलाके में ढोल बजवाकर घोषणाएं कराई गईं, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अधिकारियों के अनुसार इनाम धुरी के खिलाफ जानलेवा हमला, रंगदारी, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 41 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह इस समय जानलेवा हमले और गैंगस्टर एक्ट के मामले में जेल में बंद है।

मकान, प्लॉट और बैंक खाते भी जब्त — कई घंटों तक चली कार्रवाई
दुकानों को कुर्क करने के बाद प्रशासनिक टीम आर्यपुरी स्थित इनाम धुरी के 158.91 वर्ग मीटर क्षेत्र में बने मकान पर पहुँची। राजस्व टीम ने मकान को भी कुर्क कर सरकारी अभिरक्षा में लेते हुए बाहर नोटिस बोर्ड लगा दिया। इसके बाद टीम गुलशन नगर पहुंची, जहां इनाम धुरी के नाम दर्ज 240.28 वर्ग मीटर का प्लॉट भी जब्त कर लिया गया। इतना ही नहीं, पुलिस ने इनाम धुरी की पत्नी विनी चौधरी के HDFC बैंक खाते में जमा ₹9,15,731 रुपये को भी फ्रीज कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई जिलाधिकारी अरविंद चौहान के आदेश व पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में की गई। इस दौरान SDM निधि भारद्वाज, CO हेमंत कुमार, तहसीलदार अर्जुन सिंह, कोतवाली प्रभारी समय पाल अत्री और कांधला प्रभारी सुनील कुमार मौजूद रहे।
41 मुकदमे दर्ज, अपराधियों पर प्रशासन का आर्थिक प्रहार जारी
अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि इनाम धुरी मुकीम गिरोह का प्रमुख सदस्य है और लंबे समय से अपराध जगत में सक्रिय है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में कुल 41 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार अपराधियों की अवैध कमाई और उनकी संपत्तियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है, ताकि उनके पूरे नेटवर्क को आर्थिक रूप से कमजोर किया जा सके। इनाम धुरी की संपत्तियों की कुर्की इसी अभियान का हिस्सा है, और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।





