मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र की एक विवाहित महिला ने एक युवक पर सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक संदेश भेजकर उसे बदनाम करने और उसके वैवाहिक जीवन को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए चरथावल थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में महिला ने बताया है कि गाँव का ही एक युवक आसिफ पहले भी उसे परेशान करता रहा है। इस भय के चलते उसके माता-पिता ने लगभग एक साल पहले उसकी शादी करा दी थी ताकि किसी अनहोनी से बचाव हो सके।
महिला का कहना है कि शादी के बाद भी आसिफ की हरकतें बंद नहीं हुईं। वह लगातार उसके ससुराल पर आपत्तिजनक संदेश भेज रहा है और उसके पति को गलत सूचना देकर वैवाहिक जीवन प्रभावित कर रहा है। चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर प्राथमिक जांच में संदेश भेजे जाने की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





