Muzaffarnagar Crime: मुजफ्फरनगर जिले के चरथावल थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गांव महाबलीपुर निवासी पीड़ित ने बताया कि उसकी पत्नी, जो पांच बच्चों की मां है, को गांव नगला राही निवासी महबूब पुत्र अय्यूब बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पीड़ित ने कई जगह तलाश की लेकिन पत्नी का कोई पता नहीं चला। लगभग एक साल बाद उसे पता चला कि उसकी पत्नी हरियाणा के कैथल गांव में आरोपी महबूब के साथ रह रही है।
3 लाख रुपये की फिरौती और हत्या की धमकी
जब पीड़ित पत्नी को वापस लाने गया तो आरोपी महबूब ने 3 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। महबूब ने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो वह महिला और उसकी बेटी की हत्या कर देगा। यह सुनकर पीड़ित ने तुरंत चरथावल थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए चरथावल पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर मुखबिर की सूचना पर नहर पुल से थाना भवन मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी महबूब को गिरफ्तार कर लिया। वर्तमान में पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि मामले के सभी पहलुओं का खुलासा हो सके।





