Thursday, March 26, 2026

Muzaffarnagar News: बेटी के प्रेम संबंध से नाराज़ पिता ने दी सुपारी, ₹1 लाख में करवाई युवक की हत्या, एनकाउंटर में खुला सनसनीखेज राज

Muzaffarnagar News: ककरौली थाना पुलिस और एक कुख्यात हत्यारे गिरोह के बीच मंगलवार को हुई मुठभेड़ में दोनों ओर से जमकर फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पांच बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से चार तमंचे, एक पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस, पांच मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह (Muzaffarnagar News)

1 नवंबर को खेड़ी फिरोजाबाद गांव में सौरभ उर्फ सोनू नाम के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। उसका शव गांव के बाहर गन्ने के खेत में मिला था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सोनू का गांव के ही मेहरबान सिंह उर्फ वीर सिंह की बेटी से प्रेम संबंध था। इसी रिश्ते से नाराज़ मेहरबान ने अपने बेटे वंश और दोस्तों अलीशान, अंशुल तथा कुख्यात अपराधी दानिश के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

एक लाख रुपये में दी गई सुपारी

पुलिस के अनुसार, दानिश को ₹1 लाख की सुपारी देकर हत्या करवाई गई थी। योजना के तहत सोनू को घर से बुलाया गया और पहले उसे गोली मारी गई। इसके बाद चाकुओं से वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को खेत में फेंक दिया और हथियार पवन तथा अक्षय नामक साथियों के पास छिपा दिए।

पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई

वारदात के बाद मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस ने मंगलवार को घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मेहरबान सिंह, दानिश, अलीशान, वंश और अंशुल घायल हो गए, जबकि पवन और अक्षय को मौके से दबोच लिया गया।

“दानिश को पैसों की जरूरत थी” — एसएसपी

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि यह हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई थी। दानिश को पैसों की जरूरत थी, इसलिए उसने सुपारी लेकर हत्या की। मेहरबान सिंह अपनी बेटी के प्रेम संबंधों से नाराज़ था, इसी कारण उसने अपने बेटे और दोस्तों के साथ मिलकर युवक की हत्या कराई। सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ हत्या, आपराधिक षड्यंत्र तथा पुलिस पर फायरिंग के मामले दर्ज किए जा रहे हैं।


चचा! इसे भी पढ़ लो...

इन वाली खबरों ने रुक्का तार रखा...

Verified by MonsterInsights