रविवार की शाम मुजफ्फरनगर शहर के बीचोंबीच उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे एक पुलिसकर्मी पर ही कुछ दबंगों ने हमला कर दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के नाबाल्टी चौक पर हुई इस घटना ने न केवल पुलिस विभाग बल्कि आम लोगों को भी स्तब्ध कर दिया। घटनास्थल पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी वारदात का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
मुजफ्फरनगर में पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ी
सूत्रों के अनुसार, ट्रैफिक पुलिसकर्मी जामिन अली रविवार शाम अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक अर्टिगा कार रॉन्ग साइड से आती दिखाई दी। नियमों के अनुसार उन्होंने कार रोककर चालक को चेतावनी दी कि वह गलत दिशा से न आए। इस बात पर कार सवार युवक भड़क गए और जामिन अली से गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने पुलिसकर्मी की वर्दी तक फाड़ डाली।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर कोतवाल बबलू कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर युवक कार को लॉक कर वहां से फरार हो चुके थे। जब पुलिस ने वाहन की जांच की, तो उसमें करीब चार वर्षीय एक बच्ची सोई हुई मिली। कार बंद होने की वजह से बच्ची की जान खतरे में थी। ऐसे में पुलिस ने शीशा तोड़कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते यह कदम न उठाया जाता तो बच्ची की हालत गंभीर हो सकती थी।
पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश में टीमें गठित कर दीं। मामले पर एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि नाबाल्टी चौक पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता और मारपीट की घटना हुई है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है, वाहन जब्त कर लिया गया है और उनके खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





