Pilkhuwa News: (दीपक तोमर) हापुड़ के पिलखुआ में 15 वर्षीय किशोर हिमांशु उर्फ कलवा की निर्ममता से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने उसके सिर पर ईंटों से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद उसका नग्न शव दतैड़ी गांव के जंगल में स्थित ईंख के खेत में फेंक दिया गया और कपड़ों को जला दिया गया। हिमांशु दो दिन से लापता था और उसकी गुमशुदगी पिलखुवा थाने में दर्ज कराई गई थी।
दो आरोपी गिरफ्तार, जली वस्तुएं और ईंटें बरामद
पुलिस ने आरोपी सचिन उर्फ पस्सू और उसके साथी पुष्पेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने ही वारदात के बाद शव को खेत में छोड़कर कपड़ों और चप्पल को नष्ट करने के लिए आग लगा दी थी। पुलिस ने ईंटों के टुकड़े और जली वस्तुएं बरामद कर ली हैं।
छेड़छाड़ के पुराने मामले का बदला लेने के लिए रची साजिश
पूछताछ में मुख्य आरोपी सचिन ने खुलासा किया कि सात माह पहले हिमांशु ने उसकी भतीजी से छेड़छाड़ की थी। उस समय गांव में ही मामले का निपटारा हो गया था, लेकिन सचिन बदले की आग में जलता रहा। सोमवार को उसने अपने साथी पुष्पेंद्र के साथ मिलकर हिमांशु को खल की बोरी खरीदने के बहाने बाइक पर बैठाया और जंगल में ले जाकर हत्या कर दी।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, पुलिस ने तेजी दिखाते हुए किया खुलासा
दोनों आरोपी हिमांशु को बाइक पर ले जाते हुए सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए थे। फुटेज की मदद से पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया और पूरी घटना का पर्दाफाश कर दिया।
यह भी पढ़ें- Pilkhuwa News: हापुड़ के पिलखुआ में ATS दूसरा छापा, दो मेडिकल कॉलेजों के 6 डॉक्टर रडार पर…





