Pilkhuwa News: (दीपक तोमर, खेड़ा) पिलखुवा थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव में किराए के मकान में हुए जोरदार ब्लास्ट ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसा गैस रिसाव और मोबाइल चार्जिंग के दौरान स्विच ऑन करने के कारण हुआ। मकान मालिक जयप्रकाश के मुताबिक, यह कमरा 14 साल पुराने मकान का हिस्सा था।
कैसे हुआ विस्फोट? प्रत्यक्षदर्शी ने बताई पूरी कहानी
प्रत्यक्षदर्शी राज किशोर ने बताया कि उसने पांच किलो के सिलेंडर में तीन किलो गैस भरवाई थी। काम के दौरान वह सिलेंडर खुला छोड़कर शौचालय चला गया। लौटकर जब उसने मोबाइल चार्ज करने के लिए स्विच ऑन किया तो कमरा बंद होने के कारण गैस में आग लग गई और जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में वह झुलस गया, जबकि आसपास के लोग भयभीत होकर घरों से बाहर निकल आए।
विस्फोट से दीवारों में आई गहरी दरारें
विस्फोट इतना तेज था कि कमरे की दीवारों में भारी दरारें आ गईं। मकान मालिक ने कहा कि यहां ज्यादातर मजदूर किराए पर रहते हैं और कई लोग बिना किराया दिए सामान लेकर चले जाते हैं। प्रभावित कमरा अब रहने लायक नहीं बचा है।
पुलिस और अधिकारियों ने की जांच
एसपी ने पुष्टि की कि हादसा गैस रिसाव के कारण हुआ है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि तकनीकी जांच जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं किसी और बड़ी चूक की संभावना तो नहीं है।
यह भी पढ़ें- Hapur Terror Module: बड़ा खुलासा, हापुड़ में आतंकी ट्रेनिंग सेंटर…





