Sunday, March 22, 2026

दिल्ली विस्फोट के बाद मुज़फ्फरनगर में सियासत गरमाई, स्वामी यशवीर महाराज ने इमरान मसूद पर साधा निशाना

मुज़फ्फरनगर: दिल्ली बम धमाके की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का तूफान तेज होता जा रहा है। सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद द्वारा गिरफ्तार मुस्लिम डॉक्टरों को “भटके हुए नौजवान” बताए जाने के बाद विवाद और गहरा गया। अब इसी मुद्दे पर मुज़फ्फरनगर के योग साधना आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने मसूद पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

स्वामी यशवीर द्वारा जारी एक वायरल वीडियो में कहा गया है कि दिल्ली धमाके से जुड़े जिन मुस्लिम डॉक्टरों को सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी गतिविधियों के संदेह में पकड़ा है, उन्हें “भटका हुआ युवक” बताना राष्ट्रहित के खिलाफ है। स्वामी यशवीर का दावा है कि “ये आतंकवादी भटके हुए युवक नहीं, बल्कि सहारनपुर का मुस्लिम सांसद ही वास्तव में भटका हुआ है, जो समय-समय पर आतंकवादियों का बचाव करता रहा है।”

मुज़फ्फरनगर : इमरान मसूद की जांच की मांग

स्वामी यशवीर महाराज ने केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियों से यह भी मांग की कि इमरान मसूद की भूमिका की जांच कराई जाए। उनका कहना है कि मसूद के बयान यह संकेत देते हैं कि संभवतः उनका इन आतंकवादी तत्वों से किसी स्तर पर संबंध हो सकता है। उन्होंने हिंदू मतदाताओं से यह सवाल भी उठाने की अपील की कि “सांसद की ऐसी भाषा राष्ट्र के प्रति कैसी भावना दर्शाती है?”

पहले भी विवादों में रहे हैं स्वामी यशवीर

स्वामी यशवीर महाराज का नाम विवादों से नया नहीं है। कांवड़ यात्रा के दौरान पहचान अभियान और हिंदुत्व से जुड़े विषयों पर उनके कई बयान पहले भी सुर्खियां बटोर चुके हैं। उनका नया वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है— जहां समर्थक इसे राष्ट्रवाद की सशक्त आवाज बता रहे हैं, वहीं विरोधी इसे साम्प्रदायिक तनाव बढ़ाने वाला बयान करार दे रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दिल्ली धमाके जैसे बेहद संवेदनशील मुद्दे पर इस तरह के तीखे बयान यूपी की राजनीति में आने वाले दिनों में ध्रुवीकरण को और बढ़ा सकते हैं। स्थानीय स्तर पर भी चर्चा है कि सांसद और धर्मगुरु के बीच यह टकराव आगे और तीखा रूप ले सकता है।

चचा! इसे भी पढ़ लो...

इन वाली खबरों ने रुक्का तार रखा...

Verified by MonsterInsights