RSS: भारत ने चांद पर कदम रख कर इतिहास रच दिया है। चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग की ऐतिहासिक उपलब्धि पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने वैज्ञानिकों को बधाई दी और अभिनंदन किया। RSS प्रमुख ने आगे कहा कि अभी तक चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर कोई नहीं उतरा था, हमारे वैज्ञानिकों ने लंबे परिश्रम के पश्चात वहां उतरने का पहला मान प्राप्त किया है। संपूर्ण देश के लिए ही नहीं, सारे विश्व की मानवता के लिए।
खबर में आगे पढ़ें…
पूरी दुनिया के लिए उठेगा भारत – RSS प्रमुख
दुनिया को वसुधैव कुटुंबकम् की अपने स्नेह से आलोढ़ित करने वाली दृष्टि को लेकर भारत अब शांति और समृद्धि दुनिया को प्रदान करने वाला भारत बनने की ओर आगे बढ़ रहा है। हमारे वैज्ञानिकों की कठिन तपस्या से यह जो धन्यता का क्षण हमारे लिए खींच कर लाए हैं, उसके लिए हम उनके कृतज्ञ हैं और सारे वैज्ञानिकों का, उनको प्रोत्साहन देने वाले शासन-प्रशासन, सबका हम धन्यवाद करते हैं, हम उन सबका अभिनंदन करते हैं। भारत पूरी दुनिया के लिए उठेगा। RSS सरसंघचालक ने यह भी कहा कि भारत पूरे विश्व को भौतिक और आध्यात्मिक दोनों प्रकार की प्रगति की राह पर अग्रसर करेगा, यह बात अब सही साबित होने जा रही है।
RSS सरसंघचालक ने आगे कहा…
ज्ञान के, विज्ञान के क्षेत्र में भी हम बढ़ चलेंगे, नील नभ के रूप के नव अर्थ भी हम कर सकेंगे। भोग के वातावरण में त्याग का संदेश देंगे, दास्य के घने बादलों से सौख्य की बरसात करेंगे। इस लक्ष्य को साकार करने के लिए सारे देश का आत्मविश्वास जग गया है। स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव में यह एक वास्तविक अमृत वर्षा करने वाला पल हम सबने अपनी नजरों से देखा है, इसलिए हम भाग्यशाली हैं। अब जरूरत है कि अपने कर्तव्यों के लिए हम सभी जागें और आगे बढ़ें।
आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सामर्थ्य,आवश्यक दृष्टि, आवश्यक कला कौशल, सब कुछ अब हमारे पास है। आज के इस प्रसंग ने यह बात सिद्ध कर दी है। मैं एक बार फिर से सबका अभिनंदन करता हूं और हृदय से कहता हूं – भारत माता की जय।”
यह भी पढ़ें: Vice President: मुझे भी नहीं आती थी अंग्रेजी -उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़।