Sambhal News: 24 नवंबर 2024 को उत्तर प्रदेश के संभल जिले में हुई हिंसक घटना के मास्टरमाइंड और कुख्यात गैंगस्टर शारिक साटा के खिलाफ यूपी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। SIT ने कोर्ट के आदेश पर धारा 84 के तहत उसकी संपत्ति कुर्क करने की मुनादी कराई है। शारिक साटा को 30 दिनों के भीतर आत्मसमर्पण करने का समय भी दिया गया है, अन्यथा उसकी सारी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी। इसके अलावा दुबई में छिपे साटा को भारत वापस लाने के लिए SIT इंटरपोल के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की पूरी तैयारी में जुटी है।

शारिक साटा को पुलिस की चार्जशीट में मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है। वह 2020 में फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत से फरार होने के बाद वह दुबई में छिपा है, जहां से वह अपराधी गतिविधियों को अंजाम देता है। शरिक के गुर्गे मुल्ला अफरोज, गुलाम और वारिस को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में इन सभी आरोपियों ने शारिक साटा के निर्देशों का खुलासा किया, जिसमें हिंसा की योजना और हथियारों की सप्लाई की योजना शामिल थी। (Sambhal News)
शनिवार को संभल के दीपा सराय स्थित शारिक साटा के आवास पर पहुंचकर SIT की टीम ने कोर्ट के वारंट के बावजूद उसके पेश न होने पर कुर्की का नोटिस चिपका दिया। पूरे मोहल्ले में ढोल-नगाड़े बजवाकर मुनादी कराई गई, जिसमें साफ चेतावनी दी गई कि 30 दिनों में सरेंडर न करने पर संपत्ति जब्त हो जाएगी। संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया, “शारिक साटा के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत पहले ही दो करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। हम सीबीआई और इंटरपोल के साथ समन्वय कर रहे हैं ताकि उसे जल्द भारत लाया जा सके”।





