Hapur Terror Module: दिल्ली में हुए आतंकी हमले में शामिल महिला आतंकी शाहीन ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है। शाहीन महिलाओं को आतंकी संगठन में शामिल कराने के लिए हापुड़ और सहारनपुर में एनजीओ के नाम पर ट्रेनिंग सेंटर खोलने की तैयारी में थी। वह पिछले छह महीने से इस साजिश को अंजाम देने के लिए दोनों जिलों में जगह तलाश रही थी।
जैश-ए-मोहम्मद के लिए काम करने की बात कबूली
पूछताछ में शाहीन ने कबूल किया कि वह प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के लिए काम कर रही थी। संगठन के आकाओं ने उसे महिलाओं को ब्रेनवॉश कर आतंकी गतिविधियों में शामिल कराने और उनकी टीम तैयार करने का जिम्मा सौंपा था।
सूत्रों के मुताबिक शाहीन बुधवार रात जीएस मेडिकल कॉलेज, पिलखुवा से गिरफ्तार किए गए डॉ. फारूख अहमद डार के संपर्क में थी, जो खुद भी आतंकी मॉड्यूल तैयार करने के आरोप में पकड़ा गया है।
एनजीओ की आड़ में ‘आतंकी ट्रेनिंग सेंटर’
शाहीन की योजना दोनों जिलों में 10 कमरों और बेसमेंट वाले बड़े ट्रेनिंग सेंटर खोलने की थी। सेंटर को “पढ़ाई का फाउंडेशन” नाम के एनजीओ के तहत चलाया जाना था, ताकि किसी को शक न हो।
Hapur Terror Module ये भी प्लान में शामिल था
- दिखावे के लिए स्कूल और दवाखाना चलता
- अंदर महिलाओं को कट्टरपंथी भाषण सुनाए जाते
- उनके मोबाइल जब्त कर लिए जाते
- मोबाइल जैमर लगाए जाते
- बाहरी दुनिया से पूरी तरह संपर्क काट दिया जाता
ब्रेनवॉशिंग के बाद महिलाओं को जैश-ए-मोहम्मद की महिला विंग में शामिल कर छोटे-छोटे आतंकी समूहों का नेतृत्व सौंपा जाना था।
विदेशी फंडिंग से चल रही थी साजिश
छह महीने से जारी इस साजिश के लिए भारी विदेशी फंडिंग हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि बड़ी रकम पाकिस्तान से जैश के नेटवर्क के जरिए भेजी गई थी। यह फंड महिलाओं की भर्ती, सेंटर की व्यवस्था और ऑपरेशन चलाने में इस्तेमाल होना था।
डॉ. फारूख और शाहीन का कनेक्शन तलाश रही एजेंसियां
डॉ. फारूख की गिरफ्तारी के बाद खुफिया एजेंसियां अब शाहीन और उसके नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं। आईबी की टीम ने जीएस मेडिकल कॉलेज पहुंचकर कई अहम सुराग जुटाए हैं।
अधिकारियों का बयान
हापुड़ एसपी ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि शाहीन किस-किस संस्था या व्यक्ति से जुड़ी थी, इसकी जानकारी अभी एजेंसियों की जांच में स्पष्ट होगी।
“अगर एजेंसियां यहां आती हैं, तो पुलिस पूर्ण सहयोग करेगी,” — एसपी हापुड़
यह भी पढ़ें- पिलखुवा में आतंकी मॉड्यूल तैयार कर रहा था डॉ फारुख, जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा…





