मिर्जापुर रेल हादसा: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार सुबह एक दिल दहलाने वाला रेल हादसा हुआ। चुनार रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर गलत दिशा से रेलवे लाइन पार कर रहे यात्रियों को तेज रफ्तार कालका मेल ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि शव क्षत-विक्षत हो गए।

मिर्जापुर रेल हादसा: गंगा स्नान करने जा रहे थे सभी यात्री
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शवों को रेलवे लाइन से हटवाकर उनकी पहचान कराई। हादसे के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी स्थल पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 9:15 बजे गोमो–प्रयागराज एक्सप्रेस से उतरे कुछ यात्री गलत दिशा से लाइन पार कर रहे थे। उसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर तीन से गुजर रही कालका मेल ट्रेन वहां आ गई और छह लोग उसकी चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि सभी यात्री कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान करने जा रहे थे।

मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है —
- सविता (28) पत्नी राजकुमार, निवासी कमरिया, थाना राजगढ़
- साधना (16) पुत्री विजय शंकर बिंद
- शिवकुमारी (12) पुत्री विजय शंकर
- अप्पू देवी (20) पुत्री श्याम प्रसाद
- सुशीला देवी (60) पत्नी स्व. मोतीलाल, निवासी महुआरी, थाना पड़री
- कलावती देवी (50) पत्नी जनार्दन यादव, निवासी बसवा, थाना कर्मा (सोनभद्र)
हादसे की जानकारी मिलते ही एएसपी (ऑपरेशन) मनीष कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की।
मिर्जापुर रेल हादसा पर मंत्री अनुप्रिया पटेल ने जताया शोक
कैबिनेट मंत्री अनुप्रिया पटेल ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा — “आज संसदीय क्षेत्र मीरजापुर के चुनार रेलवे स्टेशन पर हुई हृदयविदारक घटना से मन अत्यंत व्यथित है। जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि वे तुरंत राहत कार्य में तेजी लाएं और घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था करें। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”





