Sunday, March 22, 2026

राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर की बढ़ी आय से अधिक संपत्ति, मुख्यमंत्री से शिकायत…

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ की दक्षिण विधानसभा सीट से विधायक एवं योगी सरकार में ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। उन पर आय से अधिक संपत्ति बढ़ाने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले में आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर और संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह राणा ने सीएम योगी आदित्यनाथ को शिकायत पत्र भेजकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

दोनों नेताओं ने सोमेन्द्र तोमर पर आरोप लगाया है कि सोमेंद्र तोमर और उनकी पत्नी की संपत्ति में 2017 से 2022 के बीच उनके द्वारा घोषित आय से कई गुना बढ़ोतरी हो गई है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजी गई शिकायत में स्पष्ट आंकड़े भी पेश किए हैं।

सोमेंद्र तोमर की बढ़ी आय और संपत्ति में असमानता के आरोप

शिकायत में कहा गया है कि मंत्री सोमेंद्र तोमर द्वारा 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में दाखिल शपथपत्रों के अनुसार, 2017 से 2022 के बीच सोमेंद्र तोमर की कुल आय ₹43 लाख और उनकी पत्नी अंजली तोमर की आय ₹29 लाख बताई गई थी। इस प्रकार, पांच वर्ष की अवधि में दोनों की कुल आय ₹72 लाख हुई। हालांकि, इसी अवधि में दोनों की संपत्तियों में भारी इजाफा देखने को मिला।

सोमेंद्र तोमर की बढ़ी आय में कितनी हुई बढ़ोतरी

सोमेंद्र तोमर की कुल चल और अचल संपत्ति ₹1.85 करोड़ बढ़ी, जबकि उनकी पत्नी की संपत्ति में ₹28 लाख की वृद्धि हुई। अर्थात कुल मिलाकर ₹2.13 करोड़ की संपत्ति वृद्धि हुई — जो उनकी घोषित आय से लगभग तीन गुना अधिक है।

निजी ट्रस्ट के ज़रिए ज़मीन खरीद का आरोप

अमिताभ ठाकुर ने आगे बताया कि राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर “शांति निकेतन ट्रस्ट” नामक एक निजी ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। इस ट्रस्ट ने जनवरी 2023 से अप्रैल 2025 के बीच मेरठ जनपद के कायस्थ गांवड़ी में 47,000 वर्ग मीटर भूखंड लगभग ₹10.5 करोड़ में खरीदा है। उन्होंने इस खरीद के वित्तीय स्रोत पर सवाल उठाते हुए इस ट्रस्ट की भी स्वतंत्र जांच कराने की भी मांग की है।

कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

अमिताभ ठाकुर और देवेंद्र सिंह राणा ने कहा है कि यदि एक महीने के अंदर इस मामले में जांच शुरू नहीं कराई गई, तो वे इस मामले को कानूनी स्तर पर आगे बढ़ाएंगे। अमिताभ ठाकुर ने इस पूरे मामले पर वीडियो बयान भी जारी किया है, जिसमें उन्होंने सीएम योगी से निष्पक्ष जांच और राज्यमंत्री की संपत्ति की आय से तुलना कराने की मांग की है।

चचा! इसे भी पढ़ लो...

इन वाली खबरों ने रुक्का तार रखा...

Verified by MonsterInsights