Wednesday, February 4, 2026

महालक्ष्मी डिग्री कॉलेज में RAWE-AIA प्रशिक्षण का सफल समापन, छात्रों को मिला व्यवहारिक कृषि ज्ञान

मवाना: महालक्ष्मी डिग्री कॉलेज एवं सेंटर फॉर एग्रीकल्चर एंड फार्मर डेवलपमेंट, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में बी.एससी. एग्रीकल्चर तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं हेतु आयोजित 5 दिवसीय RAWE एवं AIA (Rural Agricultural Work Experience & Agro Industrial Attachment) प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य एवं सफल समापन संपन्न हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि कॉलेज निदेशक डॉ. मोहित यादव रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर देहरादून से पधारे समस्त प्रशिक्षण विशेषज्ञों को कॉलेज प्रशासन द्वारा ग्रीन प्लांट एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. मोहित यादव ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में कृषि शिक्षा को केवल पुस्तकों तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है। RAWE एवं AIA जैसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को वास्तविक कृषि परिस्थितियों से जोड़ते हैं, जिससे वे खेत, किसान और कृषि उद्योग की सच्चाई को प्रत्यक्ष रूप से समझ पाते हैं। डॉ. यादव ने प्रशिक्षण विशेषज्ञों के योगदान की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को सीखी गई तकनीकों को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया।

कृषि विभागाध्यक्ष इमरान ने कहा कि RAWE एवं AIA प्रशिक्षण बी.एससी. एग्रीकल्चर पाठ्यक्रम का एक अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को जैविक खेती, प्राकृतिक कृषि, कृषि नवाचार एवं ग्रामीण विकास की वास्तविक समझ प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण छात्रों को रोजगारपरक एवं उद्यमशील बनाते हैं तथा कृषि क्षेत्र में नई सोच विकसित करने में मदद करते हैं। कॉलेज रजिस्ट्रार पवन शर्मा ने कहा कि, महालक्ष्मी डिग्री कॉलेज का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवहारिक शिक्षा प्रदान करना है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण संस्था एवं समस्त प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. राशिद एवं डॉ. अरुण कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि, इस 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को जैविक खेती, मशरूम उत्पादन, एजोला फार्मिंग, वर्मी कम्पोस्ट, जैविक खाद निर्माण, कृषि उद्यमिता एवं कृषि आधारित उद्योगों की विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता एवं उत्साह ने प्रशिक्षण को अत्यंत सफल बनाया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेंटर फॉर एग्रीकल्चर एंड फार्मर डेवलपमेंट, देहरादून से पधारे सेंटर हेड अर्जुन कुमार, अवंतिका ठाकुर, प्रेमा, अंकित कुमार, एवं आकांशा हिमांशु ने विभिन्न तकनीकी एवं व्यवहारिक सत्रों का संचालन किया।

समापन अवसर पर प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं भविष्य निर्माण में सहायक बताया। इस अवसर पर संदीप कुमार, विनीत दहिया, अरुण गुप्ता, ज्योति त्यागी, बॉबी त्यागी, अविनाश सिंह, शिवकुमार, संजीव कुमार, डॉ. आदेश कुमार, आनंद पाल, आयुष गर्ग सहित अन्य शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

चचा! इसे भी पढ़ लो...

इन वाली खबरों ने रुक्का तार रखा...

Verified by MonsterInsights