Sudhakar Singh Died: मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक सुधाकर सिंह का लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके बेटे डॉ. सुजीत सिंह ने आधिकारिक रूप से यह जानकारी दी। इसके बाद पूरे राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
कुछ दिनों से थी तबीयत खराब
जानकारी के अनुसार, 67 वर्षीय सुधाकर सिंह की तबीयत 17 नवंबर को दिल्ली से लौटने के बाद बिगड़ गई थी। वे उमर अंसारी के रिसेप्शन से लौटे थे। तबीयत और बिगड़ने पर उन्हें मंगलवार को लखनऊ ले जाया गया। मेदांता अस्पताल में डॉक्टरों की टीम इलाज कर रही थी, लेकिन गुरुवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके बेटे डॉ. सुजीत सिंह ने बताया कि पिता की सेहत पिछले कई दिनों से खराब चल रही थी। तेजी से गिरते स्वास्थ्य के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
उपचुनाव में दारा सिंह चौहान को दी थी शिकस्त
सुधाकर सिंह ने 2023 के उपचुनाव में BJP प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को बड़े अंतर से हराकर घोसी सीट पर कब्जा बरकरार रखा था। इस जीत के बाद उनकी राजनीतिक पकड़ और मजबूत हुई थी।
अखिलेश सिंह यादव ने दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा मुखिया अखिलेश यादव ने विधायक सुधाकर सिंह के निधन पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक श्री सुधाकर सिंह जी का निधन, अत्यंत दुःखद! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि!’
राजनीतिक सफर रहा उतार–चढ़ाव से भरा
- मूल रूप से घोसी के रहने वाले सुधाकर सिंह को 2022 में सपा ने टिकट दिया था और फिर ऐन मौके पर काट दिया था।
- दारा सिंह चौहान को टिकट मिला और सपा की जीत हुई।
- बाद में दारा सिंह BJP में चले गए, जिसके चलते उपचुनाव हुआ।
- इसी उपचुनाव में सुधार सिंह ने शानदार जीत दर्ज की।
- सुधाकर सिंह की राजनीतिक छवि एक मजबूत और लोकप्रिय नेता की थी।
यह भी पढ़ें- सऊदी बस हादसे पर PM मोदी ने क्या किया… पढ़िए





