Tech News: Arattai ऐप और Ulaa ब्राउज़र के साथ धूम मचाने वाली Zoho अब डिजिटल पेमेंट की दुनिया में भी धमाका करने जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी जल्द ही UPI-आधारित कंज्यूमर पेमेंट प्लेटफॉर्म “Zoho Pay” लॉन्च करने की तैयारी में है, जो पेटीएम, फोनपे और गूगल पे जैसे दिग्गजों को सीधी चुनौती देगा।
गौरतलब है कि Zoho की Arattai ऐप को “WhatsApp” के मेड-इन-इंडिया विकल्प के रूप में देखा जा रहा है, और हाल के दिनों में इसके डाउनलोड्स में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है। इसी तरह Zoho का Ulaa ब्राउज़र भी धीरे-धीरे गूगल क्रोम के मजबूत प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभर रहा है। Zoho के इन लगातार नवाचारों से साफ है कि कंपनी भारत में Made in India डिजिटल इकोसिस्टम को नई दिशा देने के लिए तेजी से आगे बढ़ रही है।
स्टैंडअलोन ऐप होगी Zoho Pay (Tech News)
रिपोर्ट्स के अनुसार, Zoho Pay एक स्टैंडअलोन ऐप के रूप में लॉन्च होगी, साथ ही इसे Arattai मैसेंजर में भी इंटीग्रेट किया जा सकेगा। इसका मतलब है कि Arattai यूजर्स अब एक ही ऐप में चैटिंग और पेमेंट दोनों सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे, ठीक वैसे ही जैसे व्हाट्सऐप में होता है।
जोहो के पास पहले से ही पेमेंट-एग्रीगेटर लाइसेंस मौजूद है और वह अपने Zoho Business प्लेटफॉर्म के जरिए बिजनेस पेमेंट सेवाएं प्रदान कर रही है। अब UPI पेमेंट इकोसिस्टम में शामिल होने के साथ ही मार्केट में प्रतिस्पर्धा बढ़ने की संभावना है, जिससे पहले से मजबूत कंपनियों के लिए नई चुनौतियां पैदा होंगी।
कब तक लॉन्च होने की उम्मीद? (Tech News)
अभी तक Zoho Pay ऐप के लॉन्च की तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि इसे अगली तिमाही में पेश किया जा सकता है। फिलहाल इस ऐप का परीक्षण चल रहा है और इसे एंड्रॉयड के साथ-साथ iOS प्लेटफ़ॉर्म पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।
UPI से होता है सबसे ज्यादा डिजिटल ट्रांजेक्शन (Tech News)
भारत का डिजिटल भुगतान नेटवर्क दुनिया में सबसे सक्रिय है, और इसमें UPI (Unified Payments Interface) सबसे प्रमुख माध्यम है। ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में UPI के माध्यम से कुल 17,221 करोड़ लेनदेन किए गए, जबकि 2019 में यह संख्या केवल 1,079 करोड़ थी। यदि इन लेनदेन की कुल राशि की बात करें तो 2019 में यह 18.4 लाख करोड़ रुपए थी, जबकि 2024 में यह बढ़कर लगभग 247 लाख करोड़ रुपए तक पहुँच गई।





